विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मथुरा में डॉक्टर के घर में 25 लाख की लूट, नकाबपोश बदमाशों ने बेटे के सिर पर तमंचा रखकर की वारदात

Published: Sun, 22 Nov 2026 08:16 PM (GMT+05:30)

मथुरा में एक नेत्र चिकित्सक के घर 25 लाख रुपये के आभूषणों की लूट हुई। बदमाशों ने बेटे के सिर पर तमंचा रखकर वारदात को अंजाम दिया, जबकि माता-पिता शादी में गए हुए थे। 

मथुरा: सदर क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग करते पुलिसकर्मी। फोटो सौ. पुलिस

मथुरा: सदर क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग करते पुलिसकर्मी। फोटो सौ. पुलिस

HighLights

  1. मथुरा में नेत्र चिकित्सक के घर 25 लाख की लूट।

  2. बदमाशों ने बेटे के सिर पर तमंचा रखकर डराया।

  3. पुलिस ने आठ टीमें गठित कर जांच शुरू की।

जागरण संवाददाता, मथुरा। सदर थाना क्षेत्र के श्रीजी विहार कालोनी रांची बांगर में कार सवार बदमाशों ने ताला तोड़कर नेत्र चिकित्सक के मकान में घुसे और 15 वर्षीय बेटे के सिर पर तमंचा रखकर डराया। फिर 25 लाख रुपये के आभूषण लूटकर फरार हो गए। बेटे ने पड़ोसी के फोन से पिता को सूचना दी। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर साक्ष्य एकत्रित कराए। पुलिस ने कार ट्रैस कर ली है। आठ टीमें बदमाशों की तलाश में सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।

यह है पूरी घटना

सदर थाना क्षेत्र के श्रीजी विहार कालोनी राची बांगर निवासी वीरेंद्र सिंह नेत्र चिकित्सक हैं। उनकी टाउनशिप के समीप चश्मे की दुकान है। उन्होंने बताया कि उनके छोटे भाई भारतीय नेवी में हैं। दोनों भाई सदर क्षेत्र में अपने पैत्रिक मकान में रहते हैं। शुक्रवार रात सवा 12 बजे वह अपनी पत्नी के साथ रिश्तेदार की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए राया गए थे। घर में दो बेटे 15 वर्षीय भावेश और छह वर्षीय चिराग को छोड़कर मकान में बाहर से ताला लगा गए थे।

शुक्रवार रात पौने दो बजे 15 वर्षीय बेटे भावेश ने पड़ोसी देवेंद्र सिंह के मोबाइल से रोते हुए बताया कि उनके जाते ही चार नकाबपोश चोर मकान का ताला तोड़कर घर में घुस आए और अलमारियों में रखा सामान निकालने लगे। आवाज सुनकर बड़े बेटे की आंख खुल गई। बेटे को जागता देख बदमाशों ने उसके सिर पर तमंचा रख दिया और जान से मारने की धमकी देकर डरा दिया। इसके बाद घर में लूटपाट करके कार से फरार हो गए।

सोने के जंजीर-कड़े समेत एक किलो चांदी चोरी

पीड़ित चिकित्सक ने बताया कि बदमाश दो सोने के मंगलसूत्र, तीन सोने की जंजीर, दो सोने के कड़े, चार अंगूठियां, तीन जोड़ी चांदी की तोड़ियां और एक किलोग्राम चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। इसके अलावा घर में लगे कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए।

वारदात की सूचना मिलते ही पीड़ित चिकित्सक घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने फोरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य एकत्रित कराए। एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसओजी, स्वाट, सर्विलांस समेत आठ टीमें लगाई है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने कार को ट्रैस कर लिया है, लेकिन रात के अंधेरे में साफ फुटेज नहीं आ सके हैं।

ऐसे में बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस की टीमें आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही हैं। चिकित्सक ने नकाबपोश चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ सदर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि टीमें लगी हुई हैं। जल्द ही वारदात का राजफाश कर दिया जाएगा।

मकान में ताला लगाते देख समझा घर में कोई नहीं

चिकित्सक पत्नी के साथ जाते समय मकान में ताला लगा रहे थे। पुलिस का मानना है कि रैकी के दौरान बदमाशों ने ताला लगाते देख समझा कि घर में कोई नहीं है। इसके बाद बदमाशों ने ताला तोड़कर मकान के अंदर घुसे। लेकिन अंदर दो बच्चे सो रहे थे। बड़े बेटे के जागने पर बदमाशों ने तमंचे से उसे डरा दिया।इसके कारण वह चुपचाप सबकुछ देखता रहा। बदमाशों के फरार होते ही उसने पड़ोसी के घर जाकर उनके फोन से पिता को जानकारी दी।

यह भी पढ़ें- शादी के सीजन में सस्ता हुआ सोना-चांदी: मथुरा में आभूषणों की बंपर बिक्री, मनचाहे गहने बुक करा रहे लोग

यह भी पढ़ें- 'अयोध्या में मंदिर बनाकर भी चुनाव हारी भाजपा, अब मथुरा की बारी'; आगरा में बोलीं आराधना मिश्रा मोना

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।