शादी के सीजन में सस्ता हुआ सोना-चांदी: मथुरा में आभूषणों की बंपर बिक्री, मनचाहे गहने बुक करा रहे लोग
मथुरा में सहालग के दौरान सोना-चांदी के भाव घटकर एक वर्ष पुरानी कीमत पर पहुंच गए हैं, जिससे आभूषणों की बंपर बिक्री हो रही है। कीमतें कम होने से लोग मनचाहे गहने खरीद और बुक कर रहे हैं, जिससे सराफा बाजार में रौनक लौट आई है।

दुकान पर आभूषण देखते ग्राहक। जागरण
HighLights
सोना-चांदी के भाव एक वर्ष पुराने स्तर पर पहुंचे
सस्ते दामों पर मथुरा में आभूषणों की बंपर बिक्री
लोग शादी के लिए मनचाहे गहने बुक कर रहे हैं
जागरण संवाददाता, मथुरा। सहालग में सोना-चांदी का भाव घटकर एक वर्ष पुरानी कीमत पर पहुंच गया। गिरी कीमतों के बाद सोना व चांदी की चमक पर ब्रजवासी मोहित हो रहे हैं। जो लोग कीमतें कम होने का इंतजार कर रहे थे, अब वे आभूषण खरीद रहे हैं। वहीं सहालग के समय कीमतें कम होने पर भी लोग अभी आभूषण बुक कर रहे हैं।
कई लोग खरीद कर घर ले जा रहे हैं। कीमतें कम होने के बाद सराफा बाजार ग्राहकों से दमक रहा है। बंपर बिक्री से कारोबारी भी खुश नजर आ रहे हैं।
सहालग के सीजन में एक वर्ष पुराने भाव पर पहुंचा सोना-चांदी
वर्ष 2025 में सोने का सर्वाधिक भाव 1.37 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी का 2.33 लाख रुपये प्रति किलो रहा था। वर्ष 2026 में कीमतों में रिकॉर्ड वृद्धि हुई और सोना 1.84 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम, जबकि चांदी 3.84 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई। ऊंचे दामों के कारण सराफा बाजार में कारोबार प्रभावित हुआ था। मध्यम और गरीब वर्ग के कई लोगों ने आभूषण खरीदने का विचार टाल दिया था। पिछले कुछ दिनों से कीमतों में उतार-चढ़ाव के बाद अब भाव घटे हैं।
शादी के लिए बुक हो रहे मनचाहे आभूषण
सहालग शुरू होने के साथ लोग शादी के लिए मनचाहे आभूषण बुक करा रहे हैं। चांदी की पायल और बिछुओं की खरीद भी बढ़ी है। आम लोगों के बजट के अनुकूल भाव होने से बाजार में खरीदार लौटे हैं। मथुरा सराफा बाजार एसोसिएशन के महामंत्री राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि सोना-चांदी सस्ता होने से लोग आभूषण खरीदने आ रहे हैं। कीमतें अधिक होने पर बाजार लगभग ठप हो गया था। सराफा कारोबारी आशीष अग्रवाल ने कहा कि मौजूदा भाव आम आदमी की जेब के अनुकूल हैं।
ये कहते हैं आंकड़े
1.27 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम सोना 24 कैरेट रहा शनिवार का भाव।
1.56 लाख रुपये प्रति किलो चांदी का शनिवार को खुला भाव।
2025 में लगभग यही रहा था सोना-चांदी का जिले में भाव।
2026 में 1.84 प्रति 10 ग्राम सोना और 3.84 लाख पहुंचा था चांदी का भाव।
डायमंड के हार कर रहे आकर्षित
बड़े शोरूम एवं प्रमुख दुकानों पर आभूषणों की विभिन्न वैराइटी शादियों के लिए उपलब्ध हैं। आर्थिक स्थिति से संपन्न परिवार के लोग दुल्हन के लिए डायमंड के हार पसंद कर रहे हैं। वहीं मध्यम वर्ग के लोग लाइट वेट में हार खरीद रहे हैं। शादियों के लिए सोने की जंजीर, अंगूठी, कंगन, चांदी की पायल, सोने की करधनी, टीका, झुमकी, झाले खरीद रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।