शादी के सीजन में सोने-चांदी के दामों में आई भारी गिरावट, आगरा सराफा बाजार में आया बूम; आज का भाव
देवोत्थान एकादशी के साथ सहालग शुरू होते ही आगरा में सोने-चांदी के भावों में भारी गिरावट आई है, जिससे सराफा बाजार में खरीदारी बढ़ गई है। ग्राहक कम कीमतों का लाभ उठा रहे हैं, जबकि निवेशकों को अपने निवेश पर नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।

सोने-चांदी की खरीदारी करती महिलाएं। फाइल
HighLights
सहालग में सोने-चांदी के भावों में भारी गिरावट दर्ज की गई
कम दामों के चलते सराफा बाजार में ग्राहकों की भीड़ बढ़ी
चांदी के भाव गिरने से निवेशकों को भारी नुकसान हुआ
जागरण संवाददाता, आगरा। देवोत्थान एकादशी के साथ शुक्रवार को सहालग शुरू हो गया। सहालग में सोने और चांदी के आभूषणों की खरीद के चलते सराफा बाजार में खरीदारी बढ़ने लगी है। सहालग में धनतेरस से साेना-चांदी सस्ती होने से सराफा बाजार में बूम देखने को मिल रहा है।
गुरुवार को ही सोने के भाव में पांच हजार रुपये और चांदी के भाव में 10 हजार रुपये से अधिक की गिरावट आई। दोनों वर्ष के सबसे कम मूल्य पर पहुंच गए। इससे पूर्व में खरीदारी काे टालने वाले ग्राहक भी खरीदारी के लिए निकलने लगे हैं।
सोना और चांदी में पिछले वर्ष काफी उछाल देखने को मिला था। जनवरी में सोना और चांदी आल टाइम हाई रेट पर पहुंच गए थे। सोना करीब 1.8 लाख रुपये का 10 ग्राम और चांदी 4.10 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थी। इसके बाद दोनों के दाम उतरना शुरू हुए।
छह नवंबर को धनतेरस पर सोना 1,43,500 रुपये और चांदी 1,89,050 रुपये थी। 15 दिन में सोना 16 हजार रुपये और चांदी 33,750 रुपये टूट चुकी है। इसका असर बाजार में देखने को मिल रहा है।
गुरुवार को सोने में पांच हजार और चांदी में 10 हजार से अधिक की गिरावट आई
तनिष्क फ्रेंचाइजी के अनुराग बंसल का कहना है कि सोना और चांदी के भाव एक बार बढ़ने के बाद कभी भी इतना कम नहीं हुए हैं। उम्मीद है कि भाव में जितनी गिरावट आनी थी, उतनी आ चुकी है। सहालग शुरू होने के साथ ही सोना-चांदी के भाव कम होने से ग्राहक खरीदारी कर रहे हैं। भाव अधिक होने से पहले जो वजनी ज्वेलरी उनके बजट से बाहर हो गई थी, उसे अब वह पुन: पसंद कर रहे हैं।
सहालग और भाव कम होने से ग्राहक कर रहे खरीदारी, बजट में आई वजनी ज्वेलरी
आभूषण ज्वेलर्स के प्रबंध निदेशक आनंद प्रकाश का कहना है कि सोने और चांदी के भाव कम होने से ग्राहकों का फुटफाल बढ़ा है। कुछ लोगों का यह मानना है कि अभी दाम और कम हो सकते हैं, जिसके चलते वह इंतजार करना पसंद कर रहे हैं। भाव कम होने से ज्वेलरी लोगों के बजट में आ गई है।
साेना-चांदी के भाव: दिवस, सोना, चांदी
धनतेरस, 1,43,050, 1,89,050
देवोत्थान एकादशी, 1,27,500, 1,55,300
नोट: सोने के भाव प्रति 10 ग्राम और चांदी के भाव प्रति किलो में हैं।
इतनी गिरावट की नहीं थी उम्मीद
आगरा सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने बताया कि सोना और चांदी के भाव इतना गिरने की उम्मीद नहीं थी। उनका आकलन था कि चांदी 1.65 लाख रुपये और सोना 1.35 लाख रुपये तक आ सकता है, लेकिन यह इससे काफी नीचे चले गए। अमेरिका और चीन में धातु पर होने वाली सट्टेबाजी इसकी मुख्य वजह है।
निवेशक परेशान
एमके ज्वेलर्स के मनोज गुप्ता ने बताया कि पिछले वर्ष चांदी की कीमत सात लाख रुपये तक पहुंचने का अनुमान जताया गया था। इसके चलते निवेशकों ने 3.5 लाख रुपये तक की कीमत में काफी चांदी उठाई थी। चांदी तब से अब तक करीब दो लाख रुपये तक सस्ती हो चुकी है। इससे निवेशक परेशान हैं। उन्हें अपना पैसा डूबता हुआ नजर आ रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।