विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आयुष्मान से फ्री हार्ट बाईपास सर्जरी- किडनी ट्रांसप्लांट: सरकारी अस्पतालों में अब 112 बीमारियों का इलाज, 89 नए पैकेज जुड़े

Published: Sat, 21 Nov 2026 01:45 PM (IST)

आयुष्मान योजना के तहत आगरा में सरकारी अस्पतालों में अब 89 नए स्वास्थ्य पैकेज शामिल किए जाएंगे, जिससे कुल 112 बीमारियों का निःशुल्क इलाज संभव होगा। इस विस्तार से अस्पतालों को अतिरिक्त भुगतान मिलेगा, जिसका उपयोग मरीजों के लिए दवाएं और अन्य सुविधाएं बेहतर बनाने में किया जाएगा।

आयुष्मान योजना की जानकारी लेता मरीज।

आयुष्मान योजना की जानकारी लेता मरीज।

HighLights

  1. आगरा में आयुष्मान योजना में 89 नए पैकेज जुड़े

  2. सरकारी अस्पतालों में अब 112 बीमारियों का इलाज होगा

  3. अस्पतालों को अतिरिक्त धनराशि से सुविधाएं बढ़ेंगी

अजय दुबे, आगरा। आयुष्मान योजना के लाभार्थियों की सरकारी और अनुबंधित निजी अस्पतालों में निश्शुल्क हार्ट बाईपास सर्जरी, गुर्दा प्रत्यारोपण, कैंसर सर्जरी की जा रही है। एसएन मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल के साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित 23 सरकारी अस्पताल योजना से अनुबंधित हैं।

अभी इन अस्पतालों में 23 तरह के स्वास्थ्य पैकेज में ही आयुष्मान योजना के लाभार्थियों के इलाज कराने पर अस्पताल को भुगतान होता है, इससे अतिरिक्त बीमारी के इलाज पर सरकारी अस्पतालों को कोई भुगतान नहीं होता है। साथ ही मरीजों को दवाएं और जांच का शुल्क भी देना पड़ता है। लेकिन राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) 89 नए स्वास्थ्य पैकेज शामिल करने जा रहा है।

इससे सरकारी अस्पतालों में 112 तरह के स्वास्थ्य पैकेज में आयुष्मान लाभार्थियों का इलाज करने पर भुगतान होगा। इससे अस्पतालों को अतिरिक्त धनराशि मिलने लगी, इससे मरीजों के लिए दवाएं, जांच सहित अन्य सुविधाएं बढ़ाने में इस्तेमाल किया जाएगा।

आयुष्मान योजना से एसएन सहित 23 सरकारी अस्पताल अनुबंधित

सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि नए पैकेज में ऐसी बीमारी शामिल हैं जिनका इलाज सीएचसी पर किया जाता है अब इसके लिए सीएचसी को भुगतान भी होगा। इस अतिरिक्त भुगतान का इस्तेमाल मरीजों की सुविधा बढ़ाने में किया जाएगा। एसएन मेडिकल कालेज को जनवरी से अक्टूबर तक दो करोड़ से अधिक का भुगतान हो चुका है। इस धनराशि का इस्तेमाल मरीजों के लिए दवाएं सहित अन्य सुविधाओं को बेहतर करने के लिए किया जाएगा इसके लिए समिति गठित की गई है।

ये नए पैकेज होंगे शामिल

एनीमिया (खून की कमी) , उच्च रक्तचाप, गंभीर ब्रोंकाइटिस (सांस संबंधी बीमारियां), दस्त, पेचिश, पेट और आंतों में संक्रमण, पेशाब में संक्रमण और गुर्दे में पथरी के कारण होने वाला दर्द, अचानक तेज बुखार आने वाली बीमारियों और मधुमेह से जुड़ी बीमारियों के पैकेज को शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही बच्चेदानी निकालने का आपरेशन,हाइड्रोसील, बवासीर, शरीर में बनने वाली गांठ और लिपोमा के इलाज को भी इसमें जगह दी गई है। आंखों की बीमारियों के इलाज को भी पैकेज में शामिल किया जाएगा।

आगरा में आयुष्मान योजना का हाल

  • 1058934 -बनाए जा चुके हैं आयुष्मान कार्ड
  • 1571118 - लाभार्थियों के बनने हैं आयुष्मान कार्ड
  • 76822 - 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के बन चुके हैं आयुष्मान कार्ड
  • 181021 - मरीज करा चुके हैं आयुष्मान योजना से लाभ
  • 23 -एसएन, जिला अस्पताल, सीएचसी सहित सरकारी अस्पताल में निश्शुल्क इलाज
  • 78 -निजी अस्पताल आयुष्मान योजना से अनुबंधित

इनके बनाए जा रहे आयुष्मान कार्ड

  1. 2011 की आर्थिक जनगणना में आर्थिक रूप से कमजोर परिवार, इन सभी का ब्योरा ऑनलाइन दर्ज है।
  2. छह से अधिक सदस्य वाले राशन कार्ड धारक परिवारों को लाभार्थी की सूची में शामिल किया गया है। राशन कार्ड 2019 से पहले बना होना चाहिए।
  3. 70 वर्ष की आयु पूरी कर चुके बुजुर्ग

ऑनलाइन ब्योरा दर्ज कर खुद बना सकेंगे कार्ड

https://beneficiary.nha.gov.in पर जाकर अपने मोबाइल नंबर और आधार कार्ड से लाग इन करें। इसके बाद क्रमवार जानकारी दर्ज करें,आयुष्मान के लाभार्थी हैं तो ब्योरा दर्ज करने पर आयुष्मान कार्ड भी बन जाएगा।

आयुष्मान योजना संबंधी समस्या के लिए हेल्प लाइन नंबर 1800-1800-4444

यह भी पढ़ें- ब्रेड-बिस्किट, पेस्टीज और केक बनाकर पाए रोजगार, अलीगढ़ में स्वरोजगार के लिए ट्रेनिंग शुरू

इस तरह ले सकते हैं निश्शुल्क इलाज की सुविधा

मरीज अपने साथ आयुष्मान और आधार कार्ड अस्पताल लेकर जाएं। भर्ती करने के लिए फाइल बनने पर आयुष्मान कार्ड दे दें, मरीज का ब्योरा दर्ज करने के बाद बायोमीट्रिक की जाती है, इसमें बीमारी का ब्योरा भी दर्ज किया जाता है। जिस पैकेज का चयन किया जाएगा मरीज को उसका निश्शुल्क इलाज मिलेगा।

यह भी पढ़ें- उम्र का अंतिम पड़ाव और घर से बेदखल... 100 साल की द्रोपदी देवी सहित 10 दिन में 11 बुजुर्ग पहुंचे आगरा के वृद्धाश्रम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।