विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उम्र का अंतिम पड़ाव और घर से बेदखल... 100 साल की द्रोपदी देवी सहित 10 दिन में 11 बुजुर्ग पहुंचे आगरा के वृद्धाश्रम

Published: Sat, 21 Nov 2026 01:20 PM (IST)

आगरा के रामलाल वृद्धाश्रम में पिछले 10 दिनों में 11 बुजुर्गों ने शरण ली है, जिनमें 100 वर्षीय द्रोपदी देवी और 94 वर्षीय दिलबर सिंह भी शामिल हैं। यह घटना समाज में बुजुर्गों की देखभाल और सम्मान की आवश्यकता पर गंभीर सवाल उठाती है, जिस पर आश्रम अध्यक्ष ने भी जोर दिया।

रामलाल वृद्धाश्रम में आए बुजुर्ग।

रामलाल वृद्धाश्रम में आए बुजुर्ग।

जागरण संवाददाता, आगरा। उम्र का अंतिम पड़ाव, अपनों के साथ और देखभाल की आवश्यकता, लेकिन परिस्थितियां ऐसी कि घर छोड़कर आश्रय की तलाश करनी पड़ी। बदलते सामाजिक परिवेश में बुजुर्गों की यह पीड़ा अब सामने आने लगी है। कैलाश मंदिर के पास सिकंदरा स्थित रामलाल वृद्धाश्रम व गोशाला ऐसे ही बेसहारा और जरूरतमंद बुजुर्गों का सहारा बन रही है।

पिछले 10 दिनों में 11 वृद्ध माता-पिता ने यहां शरण ली है। इनमें 100 वर्षीय द्रोपदी देवी और 94 वर्षीय दिलबर सिंह भी शामिल हैं।
आश्रय लेने वाले बुजुर्गों में लोहामंडी निवासी ओमप्रकाश (66 वर्ष), ताजगंज निवासी रामश्री (75 वर्ष से अधिक), शास्त्रीपुरम निवासी निर्मला देवी (85 वर्ष), कैलाश मंदिर क्षेत्र निवासी प्रेम शंकर गौरी (52 वर्ष), सिकंदरा निवासी रामसेवक (52 वर्ष), प्रतापपुरा निवासी महेंद्र सिंह (70 वर्ष), शाहगंज निवासी आलोक शर्मा (56 वर्ष), सिकंदरा निवासी दिलबर सिंह (94 वर्ष), कानपुर निवासी भट्टाचार्य (66 वर्ष), हाथरस निवासी राम प्रकाश शर्मा (60 वर्ष) और लोहामंडी निवासी द्रोपदी देवी (100 वर्ष) शामिल हैं।

बेसहारा बुजुर्गों के लिए सहारा बना आश्रम, 94 वर्षीय दिलबर सिंह ने भी लिया आश्रय

इनमें कई बुजुर्ग ऐसे हैं, जिन्हें जीवन के इस पड़ाव पर नियमित देखभाल और सुरक्षित आश्रय की आवश्यकता है। विशेष रूप से 100 वर्षीय द्रोपदी देवी और 94 वर्षीय दिलबर सिंह का वृद्धाश्रम पहुंचना समाज के लिए आत्ममंथन का विषय है। आखिर जिन बुजुर्गों ने अपना पूरा जीवन परिवार और समाज के लिए समर्पित किया, उन्हें वृद्धावस्था में आश्रय की तलाश क्यों करनी पड़ रही है?

आश्राम अध्यक्ष बोले- बुजुर्गों को सम्मान और अपनापन देना समाज की जिम्मेदारी

रामलाल वृद्धाश्रम व गोशाला के अध्यक्ष शिव प्रसाद शर्मा का कहना है कि वृद्ध माता-पिता समाज की अमूल्य धरोहर हैं। जीवन के अंतिम पड़ाव पर उन्हें सबसे अधिक अपनों के प्यार, सम्मान, सुरक्षा और सहारे की जरूरत होती है। उन्होंने समाज से अपील की कि माता-पिता की सेवा और सम्मान को अपनी जिम्मेदारी समझें। बुजुर्गों को भावनात्मक सहारा दें और ऐसी परिस्थितियां पैदा न होने दें कि उन्हें जीवन के अंतिम पड़ाव में घर छोड़कर आश्रय की तलाश करनी पड़े।

यह भी पढ़ें- ब्रेड-बिस्किट, पेस्टीज और केक बनाकर पाए रोजगार, अलीगढ़ में स्वरोजगार के लिए ट्रेनिंग शुरू

यह भी पढ़ें- अलीगढ़ मतदाता सूची विशेष अभियान: नाम जुड़वाने, हटाने या संशोधन के लिए बूथों पर पहुंचे लोग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।