'अयोध्या में मंदिर बनाकर भी चुनाव हारी भाजपा, अब मथुरा की बारी'; आगरा में बोलीं आराधना मिश्रा मोना
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने आगरा में भाजपा पर धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया।

रोहता नहर चौराहा स्थित कार्यक्रम स्थल पर प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और प्रदेश प्रभारी का स्वागत करते कांग्रेसी
HighLights
भाजपा पर धर्म के नाम पर राजनीति का आरोप लगाया।
मथुरा को अयोध्या जैसी गलती न दोहराने की चेतावनी दी।
आगरा के उद्योगों और किसानों की समस्याओं पर जोर दिया।
जागरण संवाददाता, आगरा। कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने शनिवार को रोहता में आयोजित 27 का शंखनाद कार्यक्रम में भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा पर धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अयोध्या और काशी जैसी गलती मथुरा में मत कर देना।
भगवान राम के नाम पर दशकों तक राजनीति और सत्ता का व्यापार करने वाली भाजपा अब सनातन धर्म की नगरी मथुरा को राजनीतिक दंगल बनाने में जुटी है। अयोध्या में मंदिर निर्माण के बाद भाजपा वहां चुनाव हार गई। अब मथुरा में भी इसी तरह की राजनीति की जा रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सतर्क रहकर जनता को भाजपा के छल से बचाना होगा।
शनिवार को रोहता नहर चौराहे के पास कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा केवल वोट चोर नहीं, चंदा चोर भी है। झूठ और छल के सहारे सत्ता तक पहुंचने वाली सरकार की असलियत अब जनता समझ चुकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
आराधना मिश्रा ने आगरा की औद्योगिक पहचान का जिक्र करते हुए कहा कि ताजमहल, पेठा और चमड़ा उद्योग इस शहर की पहचान हैं। कभी आगरा आसपास के बड़े क्षेत्र को रोजगार देने का केंद्र हुआ करता था, लेकिन भाजपा सरकार की नीतियों ने एमएसएमई क्षेत्र को कमजोर कर दिया। आगरा का युवा आज रोजगार की तलाश में दूसरे शहरों में जाने को मजबूर है।
कांग्रेस सत्ता में आई तो आगरा के जूता और चमड़ा उद्योग को फिर से खड़ा किया जाएगा। फिरोजाबाद के कांच उद्योग को भी नई जिंदगी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आगरा की राजनीतिक जमीन लंबे समय से बंजर पड़ी है। वह इसमें बीज डालने आई हैं, अब संगठन के कार्यकर्ताओं को मेहनत से फसल तैयार करनी होगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसानों को एमएसपी का लाभ नहीं मिल रहा है। आवारा पशुओं से फसल बचाने के लिए किसानों को डंडा थमाने के अलावा सरकार ने कुछ नहीं किया। महंगाई और बेरोजगारी से नौजवान परेशान हैं। उन्होंने राहुल गांधी का समर्थन करते हुए कहा कि वह जनता के अधिकार, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई लड़ रहे हैं।
कांग्रेस का इतिहास बलिदान का रहा है। पूर्व प्रधानमंत्रियों इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने आतंकवाद के सामने कभी घुटने नहीं टेके। बृज जोन प्रभारी कुणाल चौधरी ने कहा कि भाजपा शासन में किसान और नौजवान परेशान हैं। महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। सरकार की नीतियां जनविरोधी हैं।
भाजपा चंदा, वोट और सांसद विधायक चोर है
प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि भाजपा वोट, चंदा, सांसद और विधायक चोर है। कांग्रेस शासन में गरीब और मजदूर के बेटे को भी डॉक्टर, इंजीनियर और प्रशासनिक सेवाओं में आगे बढ़ने का अवसर मिला। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने मजदूरों के लिए 14 घंटे के कार्यकाल को घटाकर आठ घंटे कराया था, लेकिन भाजपा सरकार में मजदूरों के अधिकार कमजोर किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो आगरा के चमड़ा उद्योग को मजबूती देने के साथ मजदूरों के अधिकार भी वापस दिलाए जाएंगे।
कई दलों के नेताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ
कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी की बृज जोन प्रदेश अध्यक्ष हृदेश चौधरी, भाजपा के कृष्ण मुरारी अग्रवाल, आजाद समाज पार्टी के अटल सागर, बसपा के यशवंत भास्कर और रालोद की अनीता चाहर समेत कई नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
मंच पर माइक को लेकर भिड़े कांग्रेसी
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी की मौजूदगी में ही महानगर अध्यक्ष अमित सिंह और किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुकेश डागुर के बीच माइक को लेकर कहासुनी हो गई। दोनों पक्षों के समर्थक भी सक्रिय हो गए। वरिष्ठ नेताओं ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व विधायक अनिल चौधरी, प्रदीप माथुर, श्याम सुंदर शर्मा, प्रदेश महासचिव अनिल यादव, जिलाध्यक्ष रामनाथ सिकरवार, मथुरा के जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर, हेमंत चाहर, सत्येंद्र दुबे, अनुज शर्मा, बुरहान शमशी, सतीश सिकरवार, नम्रता दान, अश्वनी जैन, राम टंडन, अरुण शर्मा, याकूब शेख, अहमद हसन, रश्मि सिंह, गीता सिंह और प्रमोद कुमारी कुशवाह आदि मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।