विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा नगर निगम का बड़ा फैसला, हर वार्ड में होंगे 80 लाख के विकास कार्य

By Amit Dixit Edited By: Prateek Gupta
Published: Sat, 21 Nov 2026 10:39 PM (IST)

आगरा नगर निगम ने विधानसभा चुनाव से पहले हर वार्ड में 80 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की है। इसमें सड़कें, नालियां, पार्क और चौराहों का सुंदरीकरण शामिल है, जिसके लिए 17 करोड़ रुपये के टेंडर जारी किए गए हैं।

आगरा नगर निगम।

आगरा नगर निगम।

जागरण संवाददाता, आगरा। विधानसभा चुनाव से पहले हर वार्ड में 80 लाख रुपये से कार्य होंगे। इसमें एक पार्क, एक चौराहा के अलावा सड़कों से लेकर नालियों को शामिल किया गया है। नगर निगम के सदन से इसका प्रस्ताव भी पास हो चुका है। निगम प्रशासन ने 215 कार्यों के 17 करोड़ रुपये के टेंडर जारी किए हैं। यह टेंडर एक दिसंबर को खुलेंगे।

एक माह पूर्व नगर निगम के सभी वार्ड में 20-20 नई लाइट लग रही हैं। सोलर लाइट लग से दी गई हैं। इसका कार्य तेजी से चल रहा है। छह नवंबर को निगम का सामान्य सदन हुआ था। पार्षदों की मांग पर वार्ड में आठ-आठ विकास कार्य कराने पर सहमति बनी थी। हर वार्ड में 80 लाख रुपये खर्च होंगे। इस तरह से 110 पार्षदों द्वारा 88 करोड़ रुपये से विकास कार्य कराए जा सकते हैं।

मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि पार्षदों से उनके वार्डों में प्राथमिकता वाले विकास कार्यों के प्रस्ताव मांगे गए थे। इन प्रस्तावों में सड़क निर्माण, गलियों का सुधार, नाली निर्माण और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। प्रस्तावों की तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद 213 कार्यों के टेंडर जारी किए गए हैं।

एक दिसंबर को टेंडर खुलने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी कर संबंधित कार्यों के लिए एजेंसियों का चयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर निगम सदन की बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए बजट उपलब्ध कराने की मांग उठाई थी।

इसका उद्देश्य यह है कि शहर के किसी भी वार्ड में विकास कार्यों की कमी न रहे और स्थानीय जरूरतों के मुताबिक सड़क, नाली समेत अन्य जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सके। वहीं, नामित पार्षदों के क्षेत्रों को भी विकास योजनाओं में शामिल किया गया है। उनके क्षेत्रों में भी 20 लाख रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों के लिए टेंडर जारी किए गए हैं।

नगर निगम प्रशासन का प्रयास है कि जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर शहर के सभी क्षेत्रों में समान रूप से विकास कार्य कराए जाएं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्यों की शुरुआत से स्थानीय लोगों को बुनियादी सुविधाओं में राहत मिलने की उम्मीद है।

पार्कों और चौराहों का होगा सुंदरीकरण

नगरायुक्त संतोष कुमार ने बताया कि सदन में पार्षदों में पार्कों और चौराहों को लेकर भी सहमति बनी थी। शहर के प्रत्येक वार्ड में जरूरत के अनुसार विकास कार्य कराना निगम की प्राथमिकता है। पार्षदों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर कार्यों को स्वीकृति देकर टेंडर प्रक्रिया शुरू कराई गई है। गुणवत्ता और निर्धारित समय सीमा का ध्यान रखते हुए विकास कार्य पूरे कराए जाएंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।