प्राचीन केशवदेव में जन्मे कन्हाई, श्रद्धालु बोले जय कन्हैया लाल की (फोटो कुछ देरी से आएगी)
जागरण संवाददाता, मथुरा : ब्रज के मंदिरों में शुक्रवार को जन्मोत्सव मनाया जाएगा, लेकिन प्राचीन केशवदेव मंदिर में गुरुवार की रात कन्हाई का जन्म हुआ। जन्म की शुभ घड़ी आते ही श्रद्धालु बोल उठे जय-कन्हैया लाल की। जन्मोत्सव का उल्लास छा गया। मंगल ध्वनि से प्रभु के जन्म की सूचना ब्रजवासियों को मिल गई। प्रभु के जन्म के लिए मंदिर प्रांगण और तीनों प्रवेशद्वारों को देसी-विदेशी फूलों से सजाया गया। सतरंगी विद्युत सज्जा की गई। रात 10 से 11 बजे तक चांदी के सिंहासन में विराजमान कर भगवान का 251 किलो केसर युक्त दूध, दही, बुरा, शहद, घी, केवड़ा, जल से सेवायत शंकरलाल गोस्वामी, मुन्नीलाल गोस्वामी श्यामाचरण गोस्वामी, गिर्राज शरण गोस्वामी, बिहारीलाल गोस्वामी, गौरव गोस्वामी ने अभिषेक किया। शंख ध्वनि बजते ही श्रद्धालुओं में भगवान के जन्मोत्सव की खुशियां छा गईं। प्रभु की जय-जयकार होने लगी। अभिषेक के पश्चात गुलाब सुगंधी, केसर, खस आदि भगवान को लगाए गए। रत्न जड़ित पोशाक धारण कराई गई। सोना, चांदी की माला धारण कराई गई। सुगंधित फूलों से भगवान को सजाया गया। ठाकुजी का श्रृंगार कर रजत सिंहासन पर विराजमान किया गया। रात 12 बजे प्रभु के जन्म के दर्शन भक्तों ने किए। भगवान का अलौकिक श्रृंगार से श्रद्धालुओं की निगाह नहीं हट रही थी। इससे पूर्व रात आठ बजे से श्री कृष्ण सामूहिक संकीर्तन मंडल द्वारा भगवान की बधाई गाई गई। महिला भक्तों ने मयूर नृत्य प्रस्तुत किया गया। रात 12. 30 बजे भगवान की 101 दीपकों से आरती की गई। एड. सोहनलाल शर्मा, सुरेश अग्रवाल, मनमोहन, महेश गोयल, राकेश शर्मा, दीपक शर्मा, महेश, बीएल गुप्ता, आरएन अग्रवाल, मीडिया प्रभारी नारायण प्रसाद शर्मा मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।