JEE Main Result 2025: मथुरा के सौरव बने स्टेट टॉपर, 100 परसेंटाइल मिला; जानें उनकी 12 घंटे पढ़ाई की स्ट्रैटजी
JEE (Mains Session 2) जेईई (मेन्स) परीक्षा में मथुरा के सौरव ने 100 परसेंटाइल प्राप्त कर उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। सौरव ने अखिल भारतीय स्तर पर 12वीं रैंक हासिल की है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अध्ययन और आत्मविश्वास को दिया है। सौरव आईआईटी मुंबई से कंप्यूटर साइंस में डिग्री हासिल करना चाहते हैं।

जागरण संवाददाता, मथुरा। JEE (Mains) जेईई मेंस में छात्र सौरव ने 100 परसेंटाइल के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। सौरव ने ऑल इंडिया में 12वीं रैंक पाई है। सौरव के पिता हरीश चौधरी व मां सुनीता चौधरी दोनों ही सरकारी शिक्षक हैं।
सौरव ने श्रीजी बाबा स्कूल से 10वीं की परीक्षा में 99 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। हाईस्कूल के बाद सौरव ने कोचिंग ज्वाइन कर ली। चार घंटे की कोचिंग के बाद सौरव ने प्रतिदिन आठ घंटे घर पर पढ़ाई की। तीन वर्षों तक प्रतिदिन 12 घंटों के कठिन परिश्रम का परिणाम स्टेट टॉपर के रूप में सामने आया है।
इसी साल 12वीं की परीक्षा पास की
फिजिक्स में उनके 100, केमेस्ट्री में 99.99 और मैथ्स में 100 परसेंटाइल आए हैं। सौरव ने इसी वर्ष चिल्ड्रन एकेडमी स्कूल से सीबीएसई बोर्ड से 12वीं की परीक्षा दी है, जिसका परिणाम अभी नहीं आया है। सौरव कहते हैं कि उनका सपना आइआइटी मुंबई से कंप्यूटर साइंस में डिग्री हासिल करना है।
आत्मविश्वास के साथ करें तैयारी- सौरव
उन्होंने कहा कि उसने लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई की। प्रतिदिन के हिसाब से छोटे-छोटे लक्ष्य तय किए और उन्हें हासिल किया। इस दौरान उनका विश्वास कभी नहीं डगमगाया। सौरव ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे छात्रों को आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य निर्धारित कर तैयारियों में जुट जाने की सलाह दी है। जेईई मेंस का परिणाम आने के बाद परिवार में खुशी की लहर है। माता-पिता, सौरव को मां कैला देवी के दर्शन कराने करौली ले गए हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।