30 लाख की अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार... नेपाल बॉर्डर से लेकर जा रहे थे कुरुक्षेत्र, मथुरा में दबोचे
जैंत पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने संयुक्त कार्रवाई में दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 30 लाख रुपये की अफीम और चरस बरामद हुई। पूछताछ में पता चला कि वे 2015 से इस धंधे में शामिल थे और नेपाल बॉर्डर से अफीम ला रहे थे। आरोपियों पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया है।

संसू, जागरण, चौमुहां/मथुरा। थाना पुलिस व एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स आगरा जोन की संयुक्त टीम ने नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले दो अभियुक्तों को एक कार से तीन किलो अफीम और 100 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों तस्कर पिछले दस साल पहले इस नशे के कारोबार से जुड़े थे। जिन पर पहले से ही हरियाणा और असोम में तस्करी के मामले पहले से ही दर्ज हैं।
नशीले पदार्थों की तस्करी से संबंधित इनपुट मिलने के बाद थाना जैंत पुलिस एवं आगरा जोन की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने गुरुवार रात संयुक्त कार्रवाई करते हुए चेकिंग अभियान चलाया।
जैंत थाना क्षेत्र के पलवल की तरफ राष्ट्रीय राजमार्ग से नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले हरियाणा कुरुक्षेत्र के लाडवा थाना स्थित सोंटी गांव निवासी गुरुमैल सिंह व जोगना खेड़ा थाना निवासी सुल्तान सिंह को कार में 30 लाख रुपयों की तीन किलो अफीम और 100 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार कर लिया।
नशे के कारोबार से 2015 में जुड़े थे गिरफ्तार आरोपित
पुलिस ने पूछताछ की तो आरोपितों ने बताया कि उन्होंने 2015 में बरेली-लखनऊ हाईवे पर फरीदपुर में गुरुनानक ढाबा नाम से एक होटल खोला था। जहां ट्रक ड्राइवर उनसे अफीम व डोडा की मांग करते थे। इसी दौरान एक ट्रक ड्राइवर के माध्यम से करन नामक व्यक्ति से दोनों की मुलाकात हुई। वो इंफाल का रहने वाला था। जिसके माध्यम से अफीम के कारोबार में जुड़ गए।
उसके साथ कई और लोग भी जुड़ गए थे। अफीम की तस्करी करते समय पहले गुवाहाटी में भी पकड़े जा चुके हैं। जबकि कुरुक्षेत्र में भी नशीले पदार्थों के मामले में मुकदमें दर्ज हैं। इन्होंने अब एक महिला साथी सलोनी के जरिए काम शुरू किया था।
अब नेपाल बार्डर से अफीम लेकर जा रहे थे कुरुक्षेत्र
गुरुवार को नेपाल बार्डर स्थित श्रावस्ती से अफीम लेकर कुरुक्षेत्र की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उन्हें दबोच लिया। गुरुमैल सिंह पर गुवाहाटी की जीआरपी ने 2024, कुरुक्षेत्र लाडवा पुलिस ने 2018 में नशीले पदार्थों की तस्करी में मुकदमा दर्ज किया था। जबकि सुल्तान पर कुरुक्षेत्र कोतवाली में 31 किलो गांजा बरामद होने का मुकदमा दर्ज बताया जा रहा है।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों को विधिक कार्यवाही करते हुए जेल भेज दिया है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में जैंत थाने के उमेश चंद्र त्रिपाठी, उप निरीक्षक अमित कुमार राय के साथ एएनटीएफ उप निरीक्षक गौरव शर्मा, अजीत सिंह, आशीष शुक्ला, प्रेम नारायण, वसीम अकरम, मुकेश कुमार आदि थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।