मथुरा आयकर सर्च: शंकर सेठ और गोवर्धन अग्रवाल के प्रतिष्ठानों पर पांचवें दिन भी कार्रवाई, खुल सकती है 1000 करोड़ की अघोषित आय!
आयकर विभाग की मथुरा में शंकर सेठ और गोवर्धन अग्रवाल के प्रतिष्ठानों पर पांच दिनों से चल रही सर्च कार्रवाई ...और पढ़ें

आयकर विभाग की टीम कर रही हैं यहां जांच।
HighLights
मथुरा में आयकर विभाग की पांच दिवसीय सर्च कार्रवाई जारी
शंकर सेठ और गोवर्धन अग्रवाल के प्रतिष्ठानों पर पड़ताल
सैकड़ों करोड़ की अघोषित आय का खुलासा होने का दावा
जागरण संवाददाता, मथुरा। शहर में 13 नवंबर की सुबह शुरू हुई आयकर विभाग की व्यापक सर्च कार्रवाई मंगलवार को पांचवें दिन अंतिम चरण में पहुंचती नजर आई। अधिकांश स्थानों पर विभागीय टीमें अपनी कार्रवाई पूरी कर लौट चुकी हैं। लेकिन सर्च के प्रमुख केंद्र रहे शंकर सेठ और गोवर्धन अग्रवाल के प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई पांचवे दिन शाम तक जारी रही।
कार्रवाई में विभाग ने दस्तावेजों, बैंक खातों, कंप्यूटर और डिजिटल रिकॉर्ड की पड़ताल की है। अब इन साक्ष्यों का विश्लेषण इस कार्रवाई के वास्तविक नतीजे तय करेगा।
सर्च के दौरान विभाग द्वारा जुटाए गए दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड का महत्व आगे की जांच में सामने आएगा। आयकर अधिनियम की धारा 132 के तहत विभाग ने तलाशी के दौरान आवश्यक दस्तावेज, बहीखाते और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त किए। कुछ दस्तावेजों की मूल प्रति कब्जे में ली तो कुछ की प्रतियां व डिजिटल इमेज भी तैयार कराई गईं। सूत्रों के अनुसार सर्च में मिली नकदी, आभूषण व दस्तावेजों का मूल्यांकन, सूचीकरण और पंचनामा तैयार कर जब्ती की कार्रवाई की गई है।
शंकर सेठ व गोवर्धन अग्रवाल के प्रतिष्ठानों पर पांचवे दिन भी चली कार्रवाई
आयकर सर्च नकदी और आभूषणों की बरामदगी के अलावा संपत्तियों की रजिस्ट्री, एग्रीमेंट, बैंक खातों, कारोबारी बहीखातों और डिजिटल रिकार्ड में दर्ज आंकड़ों का मिलान भी किया गया। अब विभाग इन साक्ष्यों का संबंधित कारोबारियों की आयकर विवरणियों और संपत्ति संबंधी रिकॉर्ड से सत्यापन करेगा। इससे घोषित आय और वास्तविक वित्तीय लेन-देन के बीच अंतर का पता लगाया जा सकेगा।
फिलहाल विभाग की ओर से कार्रवाई में मिली बरामदगी और संभावित अघोषित आय के संबंध में आधिकारिक आंकड़े सामने नहीं आए हैं। विभाग ने सैकड़ों करोड़ रुपये का मामला पकड़ में आने का दावा किया है। सूत्रों के अनुसार यह आंकड़ा एक हजार करोड़ रुपये के आस-पास जाकर ठहरता है।
यह भी पढ़ें- मथुरा में शंकर सेठ के ठिकानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई के 4 दिन, रियल एस्टेट कारोबार पर संकट
यह भी पढ़ें- मथुरा: फर्जी ED अधिकारी सचिन शर्मा के खुल रहे 'काले कारनामे', अब सिनेमा मालिक ने दर्ज कराया नया मुकदमा
प्रभावित हो सकते हैं रियल एस्टेट के बड़े प्रोजेक्ट
जिले के प्रमुख सीए संजीव अग्रवाल का कहना है कि पर्यटन और आध्यात्मिक गतिविधियों के वैश्विक आकर्षण के चलते पिछले कुछ वर्षों में मथुरा के रियल एस्टेट क्षेत्र ने उल्लेखनीय विकास किया है। देश-विदेश के लोगों की यहां बसने और निवेश करने में रुचि बढ़ी है।
हालिया आयकर सर्च से बने कारोबारी माहौल और आशंकाओं का असर आने वाले समय में निवेश पर पड़ सकता है। निवेशकों का रुझान प्रभावित होने के साथ नए प्रोजेक्ट शुरू करने और मौजूदा योजनाओं की गति धीमी पड़ने की आशंका है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।