Mathura Accident: यमुना एक्सप्रेस-वे पर ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बस, कई यात्री घायल
Yamuna Expressway Accident News मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक तेज रफ्तार बस ने आगे चल रहे ट्रक में टक्कर मार दी जिससे बस अनियंत्रित होकर बैरिकेड तोड़ते हुए सर्विस रोड पर पलट गई। इस सड़क हादसे में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए हैं। हादसे में घायलों को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

जागरण संवाददाता, मथुरा। Mathura News: यमुना एक्सप्रेस-वे पर सुबह चार बजे मांगना-बरौली के समीप नोएडा से आगरा की ओर जा रही बस आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। ट्रक को टक्कर मारने के बाद बस अनियंत्रित होकर बैरिकेड तोड़ते हुए सर्विस रोड पर गिर गई। यह बस यात्रियों को लेकर जालौन जा रही थी। इसमें सवार एक दर्जन लोगों को चोट आई है।
ट्रक निर्वाचन आयोग के गणना पत्रक लेकर मिर्जापुर जा रहा था। घायलों को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घायलों के नाम पते की जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।
एक्सप्रेस वे पर रफ्तार कार ने रौंदा युवक, मृत्यु
यमुना एक्सप्रेस वे पर शुक्रवार की रात सुरीर के समीप नोएडा से आगरा की ओर जा रही कार ने सड़क के किनारे खड़े एक युवक को रौंद दिया। जिससे गंभीर रूप से घायल होने पर युवक की मृत्यु हो गई। वह अपने एक रिश्तेदार की कार के लिए बैटरी लेकर गए थे। यमुना एक्सप्रेस वे पर नोएडा से आगरा की ओर जा रही एक टैक्सी कार शुक्रवार रात सुरीर क्षेत्र में माइल स्टोन 85 के समीप अचानक बंद हो गई थी। वह सुरीर के गांव सुल्तानपुर निवासी राकेश बघेल के एक नजदीकी रिश्तेदार की थी।
कार के लिए बैटरी लेकर गए थे
रिश्तेदार के फोन करने पर राकेश बघेल अपने साथी चंद्रशेखर को साथ लेकर कार के लिए बैटरी लेकर गए थे। जहां बैटरी बदलने पर कार स्टार्ट होने के बाद राकेश बघेल सड़क के किनारे खड़े थे। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल होने पर राकेश बघेल की मृत्यु हो गई। दुर्घटना की सूचना पर पुलिस व एक्सप्रेस वे कर्मी मौके पर पहुंच गए।
राकेश बघेल सुरीर में एक स्कूल की बस पर चालक की नौकरी करते थे। उनकी मृत्यु से घर में कोहराम और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पोस्टमार्टम के बाद गांव के समीप यमुना किनारे शोकाकुल माहौल में शव की अंत्येष्टि कर दी।
कार्यवाहक थाना प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि दुर्घटना करने वाले कार को कब्जे में ले लिया है। प्रार्थना पत्र मिलने पर दुर्घटना की प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
डिस्क्लेमरः इस खबर को लगातार अपडेट किया जा रहा है। हम अपने सभी पाठकों को पल-पल की खबरों से अपडेट करते हैं। हम लेटेस्ट और ब्रेकिंग न्यूज को तुरंत ही आप तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रारंभिक रूप से प्राप्त जानकारी के माध्यम से हम इस समाचार को निरंतर अपडेट कर रहे हैं। ताजा ब्रेकिंग न्यूज़ और अपडेट्स के लिए जुड़े रहिए जागरण के साथ।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।