नोटों की माला और चांदी का मुकुट पहनाया, विश्व कुश्ती रजत पदक विजेता नीलम सिरोही का मथुरा में स्वागत
कजाकिस्तान में सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाली पहलवान नीलम सिरोही का मथुरा पहुंचने पर भव्य स्वागत ...और पढ़ें

कजाकिस्तान विश्व कुश्ती चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता नीलम का भव्य स्वागत।
HighLights
नीलम सिरोही ने विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर गौरव बढ़ाया
मथुरा में कोटवन से फैंचरी तक उनका भव्य स्वागत
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने नोटों की माला, चांदी का मुकुट भेंट किया
जागरण संवाददाता, मथुरा। कजाकिस्तान के अस्ताना में आयोजित सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में 50 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक जीतकर देश और मथुरा का गौरव बढ़ाने वाली पहलवान नीलम सिरोही का रविवार को जिला आगमन पर जगह-जगह भव्य स्वागत और सम्मान किया गया।
कोटवन बॉर्डर से शुरू हुआ स्वागत का सिलसिला उनके पैतृक गांव फैचरी पहुंचने तक जारी रहा। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर खेल प्रेमियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने फूल-मालाओं, नोटों की माला और अंगवस्त्र भेंटकर अपनी लाडली बेटी का अभिनंदन किया।
जनप्रतिनिधियों ने सम्मान से सराहा
नीलम का दिल्ली एयरपोर्ट पर अभिनंदन करने के लिए एनआईएस कुश्ती कोच अर्चना चौधरी, उनकी बहन पहलवान चंचल सिरोही, यूपी पुलिस इंस्पेक्टर पुष्पा यादव, फ्रीडम यादव, बेबी यादव, पीयूष गुप्ता व जिला कुश्ती संघ के महासचिव जनार्दन सिंह पहलवान पहुंचे थे। कोटवन बॉर्डर पर पहुंचते ही स्वागत शुरू हो गया।
चांदी का मुकुट पहनाया
कोसीकलां में नीलम ने प्रातः आठ बजे आदि देवी राजराजेश्वरी मां भगवती मंदिर में आचार्य पंडित मोर मुकुट शास्त्री के निर्देशन में पूजन और दुग्धाभिषेक किया। उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष कमल किशोर वार्ष्णेय ने उन्हें चांदी का मुकुट, नोटों की माला और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। मास्टर सत्यनारायण शर्मा, कन्हैयालाल गोयल, जनार्दन पहलवान व अन्य लोग मौजूद रहे।
नोटों की माला पहनाकर उनका सम्मान किया
इसके बाद चौमुंहा और छटीकरा होते हुए नीलम मोटरसाइकिल से पहुंचीं। यहां पूर्व मंत्री एवं विधायक श्रीकांत शर्मा और जैन मोटरसाइकिल परिवार ने फूल-मालाओं से स्वागत कर उपहार भेंट किए। गुरु मोहन श्याम कुश्ती अकादमी में संचालक मोहन श्याम उर्फ बल्ले भैया और सतवीर गुर्जर के नेतृत्व में पुष्पवर्षा और नोटों की माला पहनाकर उनका सम्मान किया गया। अरहेरा गांव में विक्रम पहलवान, दारा पहलवान और रामवीर प्रधान ने 11 हजार रुपये की सम्मान राशि भेंट की। बाटी गांव में विधायक ठाकुर मेघश्याम ने भगवान श्रीकृष्ण की छवि और अंगवस्त्र भेंटकर अभिनंदन किया।
यह भी पढ़ें- निहंग सिखों के हैरतअंगेज घुड़सवारी गतका और शस्त्र करतब देखकर दंग रह गई संगत, आगरा में रोमांचक प्रदर्शन
यह भी पढ़ें- बस 500 रु जमा करें और घर पर जमकर करिए शराब पार्टी, आबकारी लेकर आया ऑफर
गांव पहुंचने पर नीलम ने परिक्रमा कर लिया बुजुर्गों का आशीर्वाद
अंत में नीलम अपने पैतृक गांव फैंचरी पहुंचीं। यहां उन्होंने गांव की परिक्रमा कर बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। ग्रामीणों ने फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान ठाकुर तेजपाल सिंह, धर्म सिंह पहलवान और अन्नू तोमर जेत वालों ने नेहा को 11 हजार और अर्चना चौधरी को 5100 रुपये भेंटकर सम्मानित किया। गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा। नीलम की उपलब्धि को ब्रज की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि वह भविष्य में देश के लिए स्वर्ण पदक भी जीतेंगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।