Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    यूपी-दिल्ली के लोगों के लिए खुशखबरी, वृंदावन बाइपास को केंद्र की मुहर; हरियाणा-राजस्थान के लोगों को भी मिलेगा लाभ

    Updated: Tue, 01 Apr 2025 02:07 PM (IST)

    Vrindavan Bypass Road आगरा-दिल्ली हाईवे से यमुना एक्सप्रेस-वे जाना है या फिर ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन करने हैं वह बिना शहर के जाम में फंसे इस बाइपास से पहुंच सकते हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की की स्वीकृति के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने इसके लिए 1645.72 करोड़ रुपये की धनराशि भी स्वीकृत कर दी।

    Hero Image
    आगरा-दिल्ली हाईवे से बिना वृंदावन के अंदर जाए पहुंच सकते हैं यमुना एक्सप्रेस-वे।- सांकेत‍िक तस्‍वीर

    जागरण संवाददाता, मथुरा। जाम की समस्या से जूझ रहे वृंदावन के लिए बहुप्रतीक्षित बाइपास को सोमवार को केंद्र सरकार ने हरी झंडी दे दी। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की की स्वीकृति के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने इसके लिए 1645.72 करोड़ रुपये की धनराशि भी स्वीकृत कर दी। जिन्हें आगरा-दिल्ली हाईवे से यमुना एक्सप्रेस-वे जाना है या फिर ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन करने हैं, वह बिना शहर के जाम में फंसे इस बाइपास से पहुंच सकते हैं। धनराशि स्वीकृत होने के बाद अब जल्द निर्माण का रास्ता भी साफ हो गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आगरा-दिल्ली हाईवे से यमुना एक्सप्रेस-वे तक पहुंचने के लिए अभी लोगों को वृंदावन के अंदर जाना पड़ता है। बड़ी संख्या में वाहन शहर में होने के कारण जाम की समस्या से लोगों को जूझना पड़ता है। ऐसे में हाईवे को यमुना नदी से होते हुए सीधे एक्सप्रेस-वे को जोड़ने के लिए वृंदावन बाइपास की काफी समय से मांग हो रही थी।

    पर‍ियोजना को म‍िली स्‍वीकृति‍

    सांसद हेमा मालिनी भी इसके लिए प्रयास कर रही थीं। उन्होंने पूर्व में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से भी मुलाकात कर इस पर बात की थी। सोमवार को इस परियोजना को स्वीकृति मिल गई। जिले से 1769.49 करोड़ रुपये का एस्टीमेट बनाया गया था, इसके सापेक्ष 1645.72 करो़ड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।

    आगरा-दिल्ली हाईवे से यह बाइपास किमी 129.32 (जैंत) के पास से वृंदावन के लिए बनाया जाएगा। वृंदावन से सटे सुनरख होते हुए यह बाईपास वृंदावन में यमुना किनारे जुगलघाट से गुजरते हुए यमुना पार जाएगा। यहां से एक्सप्रेस-वे को जोड़ेगा। जहां-जहां जरूरत होगी, वहां पर एलिवेटेड मार्ग बनाया जाएगा।

    जुगलघाट से यमुना के ऊपर एक झूला पुल बनेगा। यह पुल यमुनापार जहांगीरपुर के पास उतरेगा। यहां पर 12 हेक्टेयर में एक मल्टीलेवल वाहन पार्किंग भी बनाई जा रही है। फिर यहां से बाइपास सीधे यमुना एक्सप्रेस-वे को जोड़ेगा।

    यह होगा फायदा

    अभी जो लोग यमुना एक्सप्रेस-वे जाते हैं, उन्हें वृंदावन के अंदर जाना पड़ता है। वहां जाम में फंसते हैं। दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, या फिर राजस्थान के साथ ही अन्य स्थानों से लोग बाइपास बनने के बाद जैंत से इस मार्ग पर चढ़ेंगे। वह ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन करना चाहेंगे, तो भी उन्हें भीड़ में नहीं आना होगा। वह बाइपास से पुल होते हुए यमुना पार उतरेंगे और पार्किंग में वाहन खड़ा कर पैदल या फिर ई-रिक्शा, गोल्फ कार्ट से जुगल घाट तक पहुंच सकते हैं। यहां से ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर की दूरी करीब एक किमी है।

    तीन हजार वाहन के लिए होगी पार्किंग

    जहांगीरपुर में बनाई जा रही पार्किंग में वाहनों की संख्या करीब तीन हजार होगी। जो लोग यमुना एक्सप्रेसवे से आएंगे, उन्हें भी इसी पार्किंग में वाहन खड़ा करना पड़ेगा। उनके लिए भी ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर की दूरी और कम हो जाएगी। अभी छटीकरा रोड से रुक्मिणी विहार या फिर पागल बाबा मंदिर के निकट सौ शैया के निकट वाहन खड़े किए जाते हैं। इसके बाद यहां से पांच से छह किमी की दूरी ई-रिक्शा या गोल्फ कार्ट से तय करनी होती है। बाइपास बनने के बाद यह दूरी भी कम होगी।

    गलियारा में भी पहुंचना होगा आसान

    ठाकुर बांकेबिहारी का गलियारा सरकार ने प्रस्तावित किया है। पांच एकड़ क्षेत्रफल में बनने वाले गलियारा के लिए 150 करोड़ रुपये भी स्वीकृत हैं। बाइपास बनने के बाद यमुना पार से आने वाले लोग सीधे पुल से जुगलघाट के पास आएंगे। गलियारा के लिए प्रवेश द्वार जुगलघाट पर बनाया जा रहा है।

    कम होगा वृंदावन में वाहनों का भार

    वृंदावन में वाहनों का भार बाइपास बनने के बाद कम हो जाएगा। अभी सारे वाहन वृंदावन में आते हैं। लेकिन बाइपास बनने के बाद जहांगीरपुर में वाहन पार्किंग होगी, तो वाहन उधर भी खड़े होने लगेंगे।

    107.28 करोड़ होगी प्रतिकिमी लागत

    वृंदावन बाईपास की प्रति किलोमीटर लागत 107.28 करोड़ स्वीकृत की गई है। डीपीआर में यह लागत 115.36 करोड़ स्वीकृत की गई है।

    मथुरा-वृंदावन व‍िकास प्राधि‍करण के उपाध्‍यक्ष एसबी स‍िंह ने बताया क‍ि  वृंदावन बाइपास के लिए केंद्र सरकार ने धनराशि स्वीकृत कर दी है। अब जल्द ही इसके लिए प्रक्रिया शुरू होगी। भूमि का अधिगृहण भी किया जाएगा। इससे लोगों को काफी सहूलियत मिल जाएगी।

    यह भी पढ़ें: कानपुरवास‍ियों के ल‍िए खुशखबरी, ढाई महीने के इंतजार के बाद दौड़ेगी ये सुपरफास्‍ट ट्रेन; लोगों को म‍िलेगा लाभ