त्योहार पर महंगाई का वार: तेल-चीनी की कीमतों में आग, 10 फीसद तक बढ़े राशन के दाम
दीपोत्सव के त्योहार पर मथुरा में महंगाई का वार हुआ है, जहां तेल, चीनी और अन्य राशन के दामों में ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
जागरण संवाददाता, मथुरा। दीपोत्सव के त्योहार पर महंगाई ने वार कर दिया है। हर एक सामान पर पांच से 10 फीसद की वृद्धि हुई है। चीनी 17 रुपये बढ़कर फिर 65 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। वहीं, सरसों का तेल भी 170 से बढ़कर 210 रुपये प्रतिकिलो तक पहुंच गया है। जबकि, इस त्योहार पर तेल व चीनी की सर्वाधिक बिक्री होती है। चीनी पर महंगाई का ही परिणाम है कि इस बार खिलौने, बूरा व बतासे भी 80 रुपये से बढ़कर 100 रुपये प्रतिकिलो हो गए हैं।
दीपोत्सव के त्योहार की तैयारी शुरू होते ही बाजारों में खरीदार दिखने लगे हैं। घरों में सफाई से लेकर पूजा-पाठ और पकवानों की तैयारी के लिए लोग राशन की दुकानों पर पहुंच रहे हैं। हालांकि, इस बार त्योहार की खुशियों पर महंगाई का असर साफ दिखाई दे रहा है।
पांच से दस फीसदी तक की वृद्धि
बीते दिनों की अपेक्षा खाद्य सामग्री और रोजमर्रा के इस्तेमाल वाले सामान के दामों में पांच से दस फीसदी तक की वृद्धि दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा उछाल चीनी और सरसों के तेल के दामों में देखने को मिल रहा है। चीनी के दाम में 17 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी होने से भाव 65 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है। वहीं, सरसों के तेल में 40 रुपये प्रति किलो की वृद्धि हुई है।
दीपोत्सव के दौरान इन दोनों वस्तुओं की खपत सबसे अधिक होती है। घरों में मिठाइयां, पकवान और प्रसाद तैयार करने के लिए चीनी व तेल की जरूरत बढ़ जाती है। ऐसे में इनके दाम बढ़ने से त्योहार का बजट भी प्रभावित हो रहा है।
महंगा पड़ रहा पूजा-पाठ का सामान
खिलौने, बूरा और बतासे के दाम 80 रुपये से बढ़कर 100 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। पूजा-पाठ और मिठाई वितरण में इस्तेमाल होने वाली इन वस्तुओं की खरीदारी भी अब लोगों को पहले की अपेक्षा महंगी पड़ रही है।
आटा, चावल, दाल, बेसन, सूजी, मैदा और मसालों की खरीदारी पर भी लोगों को अधिक खर्च करना पड़ रहा है। त्योहार के मद्देनजर दुकानदारों ने पर्याप्त सामान रखना शुरू कर दिया है, लेकिन बढ़े हुए दामों के कारण ग्राहक जरूरत के हिसाब से ही खरीदारी कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।