चार महीने का इंतजार खत्म: देवोत्थान एकादशी से गूंजेंगी शहनाइयां, ये रहे 11 शुभ मुहूर्त
देवोत्थान एकादशी के साथ मांगलिक आयोजनों पर लगा विराम समाप्त हो रहा है, नवंबर-दिसंबर में विवाह के 11 शुभ मुहूर्त हैं। 12 दिसंबर के बाद खरमास शुरू होने से इस वर्ष के लिए विवाह रुक जाएंगे, जिससे बाजारों में रौनक लौटने की उम्मीद है।

नवंबर में चार तो दिसंबर में सात विवाह मुहूर्त। जागरण
HighLights
देवोत्थान एकादशी से मांगलिक आयोजनों की रौनक लौटेगी।
नवंबर-दिसंबर में विवाह के कुल 11 शुभ मुहूर्त।
12 दिसंबर के बाद खरमास से रुकेंगे वैवाहिक कार्य।
जागरण संवाददाता, मथुरा। चार महीने से मांगलिक आयोजनों पर लगा विराम अब समाप्त होने जा रहा है। देवोत्थान एकादशी के साथ ही विवाह की शहनाइयां गूंजने लगेंगी और घरों में शुभ संस्कारों की तैयारियां शुरू हो जाएंगी। मंदिरों में जहां तुलसी-शालिग्राम विवाह की धूम रहेगी, वहीं वैवाहिक आयोजन करने वाले परिवारों में भी उत्साह दिखाई देने लगा है। नवंबर और दिसंबर में विवाह के कुल 11 शुभ मुहूर्त मिलने से सहालग के बाजार में भी रौनक लौटने की उम्मीद है।
कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवोत्थान या देवउठनी एकादशी कहा जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं। इसके साथ ही चातुर्मास समाप्त हो जाता है और विवाह, गृह प्रवेश सहित अन्य मांगलिक कार्यों का मार्ग प्रशस्त होता है। इस अवसर पर घरों और मंदिरों में तुलसी-शालिग्राम विवाह भी आयोजित किया जाता है।
ज्योतिषाचार्य कामेश्वर नाथ चतुर्वेदी और साहित्य आचार्य शरद चतुर्वेदी के अनुसार, एकादशी तिथि 20 नवंबर को सुबह 7.15 बजे शुरू होकर 21 नवंबर को सुबह 6.31 बजे तक रहेगी। अधिकांश स्थानों पर 21 नवंबर को तुलसी विवाह का आयोजन होगा।
उन्होंने बताया कि नवंबर में विवाह के लिए 21, 24, 25 और 26 नवंबर को शुभ मुहूर्त हैं। वहीं दिसंबर में 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 तारीख को विवाह आयोजित किए जा सकेंगे। इस तरह दोनों महीनों में कुल 11 शुभ विवाह मुहूर्त उपलब्ध हैं।
यह भी पढ़ें- बांकेबिहारी मंदिर कोष में लापरवाही, 11 लाख टीडीएस न भरने पर 1.5 करोड़ जुर्माना
खरमास के साथ थमेगा सहालग
ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक 12 दिसंबर इस वर्ष का अंतिम विवाह मुहूर्त रहेगा। इसके बाद सूर्य के धनु राशि में प्रवेश के साथ खरमास शुरू हो जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार खरमास में विवाह, गृह प्रवेश जैसे मांगलिक आयोजन नहीं किए जाते। यह अवधि मकर संक्रांति तक रहती है। ऐसे में विवाह की तैयारी कर रहे परिवारों के लिए नवंबर और दिसंबर के शुरुआती दिन खास रहेंगे
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।