बांकेबिहारी मंदिर कोष में लापरवाही, 11 लाख टीडीएस न भरने पर 1.5 करोड़ जुर्माना
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के कोष के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा गलियारा भूमि खरीद पर 11 लाख रुपये का टीडीएस जमा न करने से आयकर विभाग ने 1.5 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। इसके अतिरिक्त, सावधि जमा पर मिले 27 करोड़ रुपये ब्याज में से 4.5 करोड़ रुपये का टैक्स भी चुकाना पड़ा क्योंकि इसे सुविधाओं पर खर्च नहीं किया गया।

HighLights
11 लाख रुपये टीडीएस जमा न करने पर जुर्माना।
आयकर विभाग ने मंदिर पर 1.5 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया।
सावधि जमा ब्याज पर 4.5 करोड़ रुपये का टैक्स चुकाया।
संवाद सहयोगी, जागरण, वृंदावन। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के कोष पहले की अपेक्षा बढ़ने का दावा तो किया जा रहा है, लेकिन अब इसी कोष का लापरवाही के कारण दुरुपयोग भी हो रहा है। पिछले वर्ष उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति की ओर से गलियारा के लिए भूमि ठाकुर जी के नाम खरीदी गई।
छह रजिस्ट्री ऐसी थीं, जिन्हें खरीदने पर लगभग 11 लाख रुपये टीडीएस जमा करना था, लेकिन जमा नहीं हुआ। आयकर विभाग को मंदिर कोष से डेढ़ करोड़ रुपये का जुर्माना दिया गया। मंदिर की सावधि जमा पर मिले करीब 27 करोड़ रुपये ब्याज को भी खर्च नहीं किया गया। इस पर साढ़े चार करोड़ रुपये का टैक्स देना पड़ा। अब मंदिर सेवायतों ने समिति की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन के सेवायत सदस्य रजत गोस्वामी ने कहा समिति ने मंदिर गलियारा के लिए इसके दायरे में आने वाले भवनों के अधिग्रहण के लिए इसकी रजिस्ट्री मंदिर के नाम करवाने की व्यवस्था की। इसके लिए समिति अध्यक्ष अशोक कुमार ने एक उपसमिति का गठन किया। समिति सदस्य सेवानिवृत्त जिला जज मुकेश मिश्र, सचिव डीएम सीपी सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पंकज वर्मा के अलावा विप्रा के प्रतिनिधि को सदस्य बनाया।
पिछले वित्तीय वर्ष अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक आठ भवनों की रजिस्ट्री मंदिर के नाम हुईं। इनके लिए भवन स्वामियों को 11.98 करोड़ का भुगतान मंदिर कोष से किया गया। दो रजिस्ट्री 50 लाख रुपये से कम से थीं, इसलिए टीडीएस की श्रेणी में नहीं हैं। बाकी छह रजिस्ट्री का करीब 11 लाख रुपये एक प्रतिशत के हिसाब से टीडीएस था, इसे काटकर भवनस्वामी को भुगतान करना था।
टीडीएस न जमा करने के कारण आयकर विभाग ने जुर्माना और इस पर ब्याज लगा दिया। डेढ़ करोड़ रुपये जुर्माना मंदिर कोष से जमा किया गया। एक और बड़ी लापरवाही सामने आई है। मंदिर का जो बैंकों में सावधि जमा है। उसकी प्रतिवर्ष लगभग 27 करोड़ रुपये ब्याज आती है।
यह भी पढ़ें- मथुरा में दर्दनाक हादसा, ट्रक ने मारी बाइक में टक्कर...मां-बेटी की मौत; पति की हालत गंभीर
नियमत: इस धनराशि में से करीब साढ़े चार करोड़ रुपये मंदिर में सुविधाओं आदि पर खर्च करने होते हैं, समिति ने यह भी खर्च नहीं किए। साढ़े चार करोड़ रुपये का टैक्स पिछले वर्ष जमा करनमा पड़ा। समिति अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि गठित उपसमिति से इस बारे में जानकारी की जाएगी।
मंदिर उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति गलियारा के नाम पर मंदिर के नाम भवनों की रजिस्ट्री करा रही है। लेकिन, नियम के अनुसार लाभार्थियों से टीडीएस जमा कराना था। मंदिर के चार्टर्ड एकाउंटेंट ने कई बार समिति को पत्र लिखकर टीडीएस जमा कराने की अपील की। लेकिन, समिति ने सुनवाई नहीं की। इसका भार मंदिर कोष पर पड़ा।
-रजत गोस्वामी, सेवायत सदस्य: उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।