विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गजब का कारनामा: एक जमीन पर कई बार बीमा, बिना फसल बोए लिया क्लेम; 70 किसानों से 2.36 करोड़ की वसूली

Published: Tue, 24 Nov 2026 12:09 PM (IST)

मथुरा में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में अनियमितताओं को लेकर 110 किसानों से 2.92 करोड़ रुपये की वसूली की जा रही है। 

फाइल फोटो।

फाइल फोटो।

HighLights

  1. मथुरा में 110 किसानों ने गलत तरीके से फसल बीमा क्लेम लिया

  2. कुल 2.92 करोड़ रुपये की वसूली में 56 लाख रुपये वसूल हुए

  3. 70 किसानों पर 2.36 करोड़ रुपये बकाया, वसूली तेज करने के निर्देश

जागरण संवाददाता, मथुरा। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में अनियमितताओं को लेकर जिले में वसूली की कार्रवाई तेज होने जा रही है। जांच में 110 किसान ऐसे चिन्हित किए गए हैं, जिन्होंने गलत तरीके से फसल बीमा की क्षतिपूर्ति प्राप्त की। इन किसानों से कुल 2.92 करोड़ रुपये की वसूली जारी की गई थी।

इनमें से अब तक 40 किसानों से 56 लाख रुपये की रिकवरी हो चुकी है, जबकि 70 किसानों पर अभी भी 2.36 करोड़ रुपये बकाया हैं। अब प्रमुख सचिव कृषि ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बकाया धनराशि की वसूली के निर्देश दिए हैं।

रबी सीजन 2021-22 का मामला

यह मामला प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के रबी 2021-22 सीजन से जुड़ा है। एक वर्ष पहले शासन स्तर पर बीमा पालिसियों और क्षतिपूर्ति के दावों की जांच में कई तरह की अनियमितताएं सामने आई थीं। इनमें एक ही जमीन पर कई बार बीमा कराकर क्लेम लेना, बिना फसल बोए बीमा का लाभ लेना, वास्तविक जमीन से अधिक रकबा दर्शाना तथा एक ही जमीन पर अलग-अलग व्यक्तियों के नाम से बीमा कराने जैसी शिकायतें शामिल थीं।

कुछ मामलों में जमीन के फर्जी किरायानामे तैयार कराकर बीमा कराने और फसल नुकसान का गलत आकलन दिखाकर क्षतिपूर्ति हासिल करने की शिकायतें थीं। जांच में ऐसे मामले भी सामने आए, जिनमें जमीन किसी दूसरे व्यक्ति की थी, जबकि बीमा या क्लेम के लिए अलग बैंक खाते का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद प्रदेश के सभी जिलों में इनकी जांच कराई गई।

40 किसानों से 56 लाख रुपये की हुई रिकवरी

मथुरा जिले में कृषि विभाग की जांच में 732 संदिग्ध बीमा पालिसियों की पहचान की गई थी। इनके दस्तावेजों, भूमि संबंधी अभिलेखों और क्षतिपूर्ति के दावों का सत्यापन किया गया। इसके बाद 110 किसानों को गलत तरीके से क्षतिपूर्ति लेने के मामले में चिन्हित कर उनसे वसूली की कार्रवाई शुरू की गई।

एक ही जमीन पर कई बार बीमा

इन किसानों से कुल 2.92 करोड़ रुपये की वसूली जारी की गई थी। इनमें से अब तक 40 किसानों से 56 लाख रुपये की रिकवरी हो चुकी है, जबकि 70 किसानों पर अभी भी 2.36 करोड़ रुपये बकाया हैं। हालांकि, बार-बार नोटिस जारी किए जाने के बाद भी इन किसानों ने बकाया धनराशि जमा नहीं की है।

यह भी पढ़ें- मथुरा में गोवंश चोर से पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने से आरोपी घायल; एक साथी फरार

यह भी पढ़ें- मथुरा: आयकर की टीम फिर पहुंची तो मच गई खलबली, होटल कारोबारी के सीए संग जांचे बैंक लॉकर

जिला स्तर से सभी बकायेदारों से वसूली के लिए तहसीलों को पत्राचार किया जाएगा, ताकि अमीनों और लेखपालों का समुचित सहयोग मिल सके। राजस्व विभाग के माध्यम से धनराशि वसूलने की प्रक्रिया तेज की जाएगी।

-

आवेश कुमार सिंह, उप निदेशक कृषि

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।