Mathura News: परिक्रमा मार्ग से लेकर कुंडों तक... 645 करोड़ की 118 विकास परियोजनाओं से संवरेगा ब्रज
शनिवार को मथुरा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 645 करोड़ रुपये की 118 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने ब्रज के विकास के लिए 30 हजार करोड़ रुपये की नई कार्ययोजना की घोषणा की जिससे मथुरा वृंदावन गोकुल जैसे तीर्थ स्थलों का विकास होगा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर उन्होंने बच्चों को दुलार किया और संतों को सम्मानित किया।

जागरण संवाददाता, मथुरा। कान्हा की नगरी में शनिवार को सीएम योगी आदित्यनाथ आए तो उन्होंने 645 करोड़ रुपये की 118 विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इन विकास योजनाओं से ब्रज तो संवरेगा ही, ब्रज के विकास के लिए 30 हजार करोड़ रुपये की नई कार्ययोजना की भी घोषणा की। कहा कि यह कार्ययोजना विकास को नए आयाम देगी।
शनिवार को ब्रज में थे, तो उसके विकतास के लिए चिंता साफ दिखाई दी। कहा कि 30 हजार करोड़ रुपये की जो कार्ययोजना है, वह मथुरा,वृंदावन, बरसाना, गोकुल जैसे तीर्थ स्थलों को द्वापरयुग की स्मृतियों को जोड़ेगी। कहा कि हमारी सरकार पूज्य संतों की भावनाओं का सम्मान करने और ब्रजक्षेत्र को संवर्धित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने 645 करोड़ रुपये की 118 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें 272 करोड़ की 80 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया, 38 परियोजनाओं का शिलान्यास मुख्यमंत्री ने किया, जिनकी लागत करीब 373 करोड़ रुपये है।
इन परियोजनाओं में परिक्रमा मार्गों का सुंदरीकरण, प्रवेश द्वार, कुंडों का जीर्णोद्धार, श्रद्धालुओं की सुविधा, कनेक्टिविटी, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और संतों के प्रयासों की सराहना की, इनके सहयोग से ब्रजक्षेत्र के विकास के प्रस्ताव स्वीकृत हुए। उन्होंने कहा कि सरकार और समाज मिलकर भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और संवर्धित करने के लिए कटिबद्ध हैं।
बच्चों को दुलारा, खीर खिलाकर मनाया जन्मोत्सव
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कान्हा और राधारानी के रूप में आए छह बच्चों को अपनी गोद में लिया और उन्हें दुलार किया। सीएम ने बच्चों को अपने हाथों से खीर भी खिलाई, साथ ही उनका अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया। आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े बच्चों का यह कार्यक्रम डीपीओ बुद्धि मिश्रा के संयोजन में किया गया। सीएम ने बच्चों के माथे पर तिलक लगाया, मोती की माला पहनाई और उन्हें खिलौने भेंट किए
सीएम से सम्मान पाकर संत-महंत अभिभूत
पांचजन्य प्रेक्षागृह में सीएम योगी आदित्यनाथ ने संत फूलडोल बिहारी दास, हरिशंकर नागा, अनंत प्रभु, बलराम बाबा, सुतीक्ष्ण दास, राम देवानंद, सनंत कुमार, लाडली दास, अनंताचार्य, जयरामदास, कृष्णा देवी, माधवदास आदि को पुष्पमाला, अंगवस्त्र और मिष्ठान देकर सम्मानित किया। सीएम द्वारा सम्मानित करने पर संत भी अभिभूत नजर आए।
इन प्रमुख योजनाओं को लोकार्पण
- 5 करोड़ से कोसी बाइपास निर्माण।
- 59 करोड़ रुपये से छाता-शेरगढ़-नौहझील-बाजना मार्ग का निर्माण।
- 5.50 करोड़ से बरसाने में शेड कार्य।
- 5 करोड़ से जोधपुर झाल का विकास।
- 19 करोड़ से बरसाना परिक्रमा मार्ग का विकास।
- 31 करोड़ से बाटी में जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय का निर्माण।
- 9 करोड़ से मांट व बलदेव में डैंपनर व कटाव निरोधक परिजयोजना।
- 52 करोड़ से नौ सड़कों का निर्माण।
ये हुए प्रमुख शिलान्यास
- 7़ 5 करोड़ से सदर तिराहे से गोकुल बैराज मार्ग का चौड़ीकरण।
- 10 करोड़ से आन्यौर गोवर्धन परिक्रमा मार्ग में नाला निर्माण।
- 21 करोड़ से गोवर्धन परिक्रमा मार्ग में फसाड सुधार व साइनेज कार्य।
- 19 करोड़ से जचौंदा में शिल्पग्राम का विकास।
- 7 करोड़ से क्रूज टूरिज्म के लिए घाटों का विकास।
- 34 करोड़ से वृंदावन यात्री सुविधा केंद्र के भवन का विस्तार।
- 36 करोड़ से वृंदावन यात्री सुविधा केंद्र में पार्किंग का विकास।
गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी,जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह, राज्यसभा सदस्य तेजवीर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी, महापौर विनोद कुमार अग्रवाल, विधायक श्रीकांत शर्मा, राजेश चौधरी, मेघश्याम सिंह, पूरन प्रकाश, एमएलसी ओम प्रकाश सिंह, योगेश चौधरी, बीजेपी जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय, महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, भुवन भूषण मौजूद रहे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।