बकरी पालन के क्षेत्र में मथुरा के वैज्ञानिकों का बड़ा कमाल, अब हर बकरी से जन्मेंगे उन्नत नस्ल के बच्चे
केंद्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान, फरह ने इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (आइवीएफ) की एंब्रियो ट्रांसफर तकनीक का सफल परीक्षण किया है।
-1795150430202_m.webp)
प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए इस तस्वीर को एआई टूल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
केंद्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान ने एंब्रियो ट्रांसफर तकनीक का सफल परीक्षण किया।
उच्च गुणवत्ता वाले भ्रूण को दूसरी नस्ल की बकरी में प्रत्यारोपित किया जाएगा।
यह तकनीक बकरी पालकों की आय बढ़ाने में सहायक होगी।
विवेक राजपूत, मथुरा। बकरी पालन को अधिक लाभकारी और उन्नत बनाने की दिखा में केंद्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान, फरह ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संस्थान के वैज्ञानिकों ने इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (आइवीएफ) प्रक्रिया की अहम तकनीक एंब्रियो ट्रांसफर का सफल परीक्षण किया है।
इस तकनीक के माध्यम से अब उच्च गुणवत्ता वाली नस्ल की बकरियों के भ्रूण को दूसरी नस्ल की बकरी के गर्भाशय में प्रत्यारोपित किया जा सकेगा। इससे उन्नत नस्ल की बकरियों की संख्या बढ़ाने की प्रक्रिया अधिक प्रभावी और सुविधाजनक हो सकेगी।
इस तकनीक की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अच्छी नस्ल की बकरी को भ्रूण तैयार करने के लिए बार-बार संस्थान की प्रयोगशाला तक लाने की आवश्यकता नहीं होगी।
वैज्ञानिक प्रयोगशाला में उच्च गुणवत्ता वाले भ्रूण तैयार कर उन्हें निर्धारित परिस्थितियों में सुरक्षित तरीके से दूसरे स्थानों तक पहुंचा सकेंगे। इसके बाद स्थानीय स्तर पर उपलब्ध बकरी के गर्भ में उनका प्रत्यारोपण किया जा सकेगा। इससे दूरदराज के क्षेत्रों में भी उन्नत नस्ल के प्रजनन की सुविधा पहुंचाने की संभावनाएं बढ़ेंगी।

संस्थान के निदेशक मनीष कुमार चेटली ने बताया, पारंपरिक सीमेन तकनीक में गर्भधारण की सफलता दर लगभग 25 से 30 प्रतिशत तक ही रहती थी। एंब्रियो ट्रांसफर तकनीक से प्रजनन की सफलता बढ़ाने और बेहतर आनुवंशिक गुणों वाली संतति प्राप्त करने की दिशा में नई संभावनाएं खुलेंगी।
यह भी पढ़ें- जीविका दीदियों के लिए बिहार सरकार का मेगा प्लान: बकरी शेड, पुस्तकालय और हर ब्लॉक में मार्ट; ₹20000 की मदद भी
इस तकनीक का सीधा लाभ बकरी पालने वाले किसानों और पशुपालकों को मिल सकेगा। बेहतर नस्ल, तेज प्रजनन सुधार और गुणवत्तापूर्ण बच्चों की उपलब्धता से मांस एवं दुग्ध उत्पादन की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
साथ ही स्थानीय परिस्थितियों में पाली जाने वाली बकरियों के माध्यम से उन्नत नस्लों का प्रसार भी संभव होगा। विशेषज्ञों के मुताबिक, यदि इस तकनीक को व्यावसायिक स्तर पर सफलतापूर्वक लागू किया जाता है तो यह बकरी पालन क्षेत्र में प्रजनन सुधार का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकती है।
इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ पशुपालकों की आमदनी बढ़ाने का रास्ता भी खुलेगा। इस उपलब्धि हासिल करने में वैज्ञानिक डॉ. वाईके सोनी एवं एसपी सिंह की मुख्य भूमिका रही।
क्या है एंब्रियो ट्रांसफर तकनीक?
एंब्रियो ट्रांसफर पशुओं में प्रजनन की एक आधुनिक तकनीक है। इसमें उच्च आनुवंशिक गुणवत्ता वाली मादा बकरी से अंडाणु प्राप्त कर प्रयोगशाला में उनका निषेचन कराया जाता है। इसके बाद विकसित भ्रूण को दूसरी स्वस्थ बकरी के गर्भाशय में प्रत्यारोपित किया जाता है।
दूसरी बकरी भ्रूण को गर्भ में विकसित कर बच्चे को जन्म देती है। इस प्रक्रिया में अच्छी नस्ल की बकरी को स्वयं गर्भधारण करने की जरूरत नहीं होती। इससे एक उत्कृष्ट नस्ल की मादा की आनुवंशिक क्षमता का अधिक व्यापक उपयोग किया जा सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।