कुत्ते-बकरी के विवाद में भाले से हत्या, 2 दिन बाद भी खाली हाथ पुलिस; जमुई में सड़क जाम कर भड़के लोग
जमुई के चनरवर गांव में शंकर यादव की हत्या के दो दिन बाद भी गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों ...और पढ़ें
HighLights
शंकर यादव की हत्या के विरोध में परिजनों ने सड़क जाम की।
दो दिन बाद भी आरोपितों की गिरफ्तारी न होने से नाराजगी।
बकरी-कुत्ते के पुराने विवाद में हुई थी यह हत्या।
संवाद सूत्र, खैरा (जमुई)। गरही थाना क्षेत्र के चनरवर गांव में शंकर यादव की हत्या के विरोध में मंगलवार की सुबह स्वजन और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। घटना के दो दिन बीत जाने के बाद भी किसी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज लोगों ने गरही मोड़ को जाम कर दिया।
सड़क जाम कर रहे स्वजन पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोपितों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। जाम के कारण आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर गरही और खैरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने में जुट गई।
रविवार की देर शाम घात लगाकर हमला
बताते चलें कि रविवार की देर शाम गरही थाना क्षेत्र के चनरवर गांव में पुराने विवाद को लेकर शंकर यादव पर घात लगाकर हमला किया गया था। आरोपितों ने उन पर तेजधार हथियार और भाले से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। स्वजन उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया।

हालांकि, पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस मामले में मृतक के बड़े पुत्र वीरेंद्र यादव ने संजय यादव, बिरजू यादव, सकलदेव यादव, घूमल यादव, बासो यादव, कपिलदेव यादव और जगदीश यादव समेत अन्य लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।
बकरी और कुत्ते को लेकर विवाद
स्वजन के अनुसार, करीब दो माह पहले बकरी और कुत्ते को लेकर विवाद हुआ था। इसी मामले में केस उठाने के लिए आरोपित पक्ष की ओर से लगातार धमकी दी जा रही थी।
इधर, हत्या के बाद से आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से स्वजन और ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि घटना के दो दिन गुजर जाने के बावजूद पुलिस किसी आरोपित को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इसी के विरोध में सड़क जाम किया गया। पुलिस अधिकारियों द्वारा लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।