विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन को खड़ी बच्ची पर गिरी ईंट, बंदर की उछलकूद से जर्जर छज्जे का हिस्सा टूटकर गिरा

By Vipin ParasharEdited By: Abhishek Saxena
Published: Sun, 29 Nov 2026 03:12 PM (IST)

मथुरा के बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के लिए कतार में खड़ी गाजियाबाद की एक वर्षीय बच्ची अर्पिता के सिर पर जर्जर भवन के छज्जे का हिस्सा गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। 

छज्जे से बंदरों ने गिराई ईंट। जागरण

छज्जे से बंदरों ने गिराई ईंट। जागरण

HighLights

  1. बांके बिहारी मंदिर में दर्शन को खड़ी बच्ची पर गिरी ईंट

  2. गाजियाबाद की एक वर्षीय अर्पिता गंभीर रूप से घायल हुई

  3. बंदर की उछलकूद से जर्जर छज्जे का हिस्सा टूटकर गिरा

जागरण संवाददाता, मथुरा। ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे गाजियाबाद के श्रद्धालु परिवार के साथ रविवार को बड़ा हादसा हो गया। कतार में खड़ी एक वर्षीय बच्ची के सिर पर जर्जर भवन के छज्जे का हिस्सा गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र अंतर्गत वसुंधरा कॉलोनी निवासी अमित अपने परिवार के छह सदस्यों के साथ बांके बिहारी जी के दर्शन के लिए वृंदावन आए थे।

बंदर की उछलकूद से गिरी छज्जे की ईंट

रविवार सुबह करीब दस बजे परिवार के सभी सदस्य मंदिर जाने के लिए फलाहारी बाबा वाली गली में दर्शन की कतार में खड़े थे। इसी दौरान गली में स्थित एक जर्जर भवन के छज्जे पर बैठे बंदर ने उछलकूद की। छज्जे की ईंट नीचे गिरी और एक वर्षीय अर्पिता के सिर में लगी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे आरके मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बंदरों ने पंद्रह दिन में घायल किये डेढ़ दर्जन लोग

सुरीर। गांव राजागढ़ी में करीब चार सैकड़ा बंदर धमाचौकड़ी मचाते घूम रहे हैं। पिछले पंद्रह दिन में बंदरों ने डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल कर दिए हैं। इनके आतंक से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने बंदरों को पकड़वाने के लिए वन क्षेत्राधिकारी को ज्ञापन दिया है। ग्रामीण धर्मवीर उपाध्याय ने बताया कि बंदरों के बढ़ते आतंक से ग्रामीणों का जीना मुश्किल हो गया है। गांव में करीब चार सैकड़ा बंदर झुंड के रूप में घूम रहे हैं। जिनमें खूंखार बंदर आए दिन राहगीरों, बच्चों और महिलाओं पर हमला कर उन्हें घायल कर रहे हैं। इससे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।

यह भी पढ़ें- मथुरा में खाली पेट्रोल टैंकर में वेल्डिंग के दौरान धमाका: वेल्डर और हेल्पर की मौत

यह भी पढ़ें- मथुरा में हाईवे पर दौड़ती मौत, न रिफ्लेक्टर न नंबर प्लेट; कोहरे में दुर्घटना का कारण बनेंगी ट्रैक्टर-ट्राॅलियां

बंदर पकड़वाने की मांग

बंदरों के डर से बच्चों का घर से बाहर निकलना और स्कूल जाना तक मुश्किल हो गया है। छतों पर सूखते कपड़ों को फाड़ने के साथ-साथ ये बंदर घरों में घुसकर रसोई का सामान भी तहस-नहस कर रहे हैं। कई बार भगाने की कोशिश करने पर बंदर काटने के लिए दौड़ पड़ते हैं, जिससे अब तक कई ग्रामीण गंभीर चोटिल हो चुके हैं। बंदरों के बढ़ते उत्पात से परेशान ग्रामीणों ने वन क्षेत्राधिकारी मांट को प्रार्थना पत्र दिया है, जिसमें उन्होंने अभियान चलाकर इन बंदरों को पकड़वाने की मांग की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।