मथुरा में हाईवे पर दौड़ती मौत, न रिफ्लेक्टर न नंबर प्लेट; कोहरे में दुर्घटना का कारण बनेंगी ट्रैक्टर-ट्राॅलियां
मथुरा में हाईवे पर बिना रिफ्लेक्टर और नंबर प्लेट वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियां कोहरे में बड़े हादसों का कारण बन सकती हैं। लगभग 80% ट्रॉलियों में सुरक्षा इंतजामों की कमी है, जिस पर यातायात पुलिस और एआरटीओ जल्द अभियान चलाएंगे।

मथुरा में हाईवे पर बिना बैकलाइट और रिफ्लेक्टर लगाए चलती ट्रैक्टर ट्रॉली।
HighLights
कोहरे में ये वाहन बड़े हादसों का कारण बन सकते हैं।
यातायात पुलिस, एआरटीओ जल्द अभियान चलाने की तैयारी में।
जागरण संवाददाता, मथुरा। कोहरा पूरी तरह छाने से पहले ही हाईवे पर हादसों का खतरा बढ़ाने वाले वाहन बेखौफ दौड़ रहे हैं। ट्रैक्टर-ट्राॅलियों पर न पीछे रिफ्लेक्टर हैं, न स्पष्ट नंबर प्लेट और न ही सुरक्षा के दूसरे जरूरी इंतजाम। रात के अंधेरे में ये सड़क पर अदृश्य बाधा बन जाती हैं।
पीछे से तेज रफ्तार में आने वाले वाहन चालकों को इनकी मौजूदगी का पता अक्सर तब चलता है, जब बचने का मौका नहीं रहता। जिले में करीब 80 प्रतिशत ट्रैक्टर-ट्राॅलियों पर रिफ्लेक्टर और स्पष्ट नंबर प्लेट नहीं हैं। कोहरे में इनसे बड़े हादसे की आशंका है। गांवों से हाईवे तक ट्रैक्टर-ट्रालियों की आवाजाही बनी रहती है। सुबह चार बजे से इनका चलना शुरू हो जाता है।
कृषि कार्य के साथ ईंट, मिट्टी, बालू, भूसा और निर्माण सामग्री ढोने में भी इनका इस्तेमाल होता है। बड़ी संख्या में ट्राॅलियां बिना सुरक्षा इंतजामों के सड़कों पर चल रही हैं। पीछे से आने वाले वाहन की हेडलाइट पड़ने पर भी रिफ्लेक्टर न होने से ट्राॅली की दूरी और चौड़ाई का अंदाजा नहीं लगता। कोहरे में कम दृश्यता से खतरा और बढ़ जाता है।
हाईवे पर कई ट्रैक्टर-ट्राॅलियां धीमी गति से चलती हैं, जबकि पीछे से कार, बस और ट्रक तेज रफ्तार में आते हैं। चालक कई बार इन्हें समय रहते नहीं देख पाते। कुछ ट्राॅलियां सड़क किनारे खड़ी मिलती हैं, जिससे पीछे से आने वाले वाहनों के टकराने का खतरा रहता है। नंबर प्लेट न होने पर दुर्घटना के बाद वाहन की पहचान करना भी मुश्किल हो सकता है।
सवाल है कि रिफ्लेक्टर और नंबर प्लेट जरूरी होने के बावजूद इतनी ट्राॅलियां इनके बिना कैसे चल रही हैं और कोहरा शुरू होने से पहले इनकी जांच क्यों नहीं हो रही?
एसपी यातायात राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राॅलियों पर रिफ्लेक्टर एआरटीओ और टोल के माध्यम से लगवाए जाते हैं। दोनों विभागों से बातचीत कर जल्द अभियान चलाया जाएगा। कोहरा शुरू होने से पहले इसे पूरा कराने का प्रयास है। एआरटीओ सतेंद्र कुमार ने बताया कि प्रतिदिन चालान किए जा रहे हैं और रिफ्लेक्टर भी लगवाए जा रहे हैं। जल्द विशेष अभियान चलाया जाएगा।
जिले में कमर्शियल ट्रैक्टर मात्र 12, कृषि के उपयोग में 29515
परिवहन विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में केवल 12 ट्रैक्टर कमर्शियल श्रेणी में पंजीकृत हैं, जबकि कृषि कार्य के लिए 29515 ट्रैक्टर पंजीकृत हैं। हालांकि, कृषि कार्य के लिए पंजीकृत ट्रैक्टरों का इस्तेमाल व्यावसायिक गतिविधियों में भी हो रहा है। ऐसे में इनकी निगरानी और नियमों के पालन की जिम्मेदारी पर सवाल उठता है।
बाइक में जुगाड़ से जोड़ी ट्राॅली, हो रही अनदेखी
पुरानी बाइकों में जुगाड़ से ट्राॅली जोड़कर सामान ढोने का चलन भी बढ़ रहा है। इन वाहनों पर आगे और पीछे नंबर प्लेट नहीं हैं। कई बाइकों का पंजीकरण समाप्त हो चुका है, फिर भी वे सड़क पर दौड़ रही हैं। परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की निगरानी के अभाव में ऐसे वाहन भी हादसों का खतरा बढ़ा रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।