बांकेबिहारी मंदिर में भीड़ का कहर, लखनऊ की महिला बेहोश; हर दिन बिगड़ रहे हालात
वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर में कार्तिक मास के दौरान भारी भीड़ के कारण अव्यवस्था फैल गई, जिससे बच्चों और महिलाओं को परेशानी हुई।

बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन करने आए श्रद्धालुओं की भीड़ और बेहोश हुई महिला काे प्राथमिक उपचार देते चिकित्सक। जागरण
HighLights
कार्तिक मास में बांकेबिहारी मंदिर में भारी भीड़।
भीड़ के दबाव से बच्चों और महिलाओं को परेशानी।
लखनऊ की महिला बेहोश, अव्यवस्था से बिगड़े हालात।
जागरण संवाददाता, वृंदावन। कार्तिक के महीने में ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन की इच्छा लेकर आए श्रद्धालुओं को कठिन परीक्षा देकर ही रविवार को आराध्य के दर्शन मिले। मंदिर आने वाले रास्ते में रेलिंग के अंदर भीड़ का दबाव और पुलिस के बैरियर को झेलते हुए लगभग एक घंटे में श्रद्धालु मंदिर की गली में पहुंचे तो उनके सब्र का बांध टूटने लगा।
सामने मंदिर दिखाई दे रहा था और भीड़ थी कि आगे बढ़ने का नाम नहीं ले रही। पुलिस बैरियर पर खड़े श्रद्धालुओं में आगे बढ़ने को दिनभर आपाधापी का माहौल बना रहा। एक दूसरे को धकियाते हुए श्रद्धालु आगे बढ़ने की कोशिश में जुटते रहे भीड़ भीड़ के बीच फंसे बच्चे व महिलाओं की चीख निकलती रही।
कई महिलाओं और युवतियों की हालत खराब हो रही थी, जबकि लोगों ने बच्चों को कंधों पर बैठाकर राहत दी। भीड़ का दबाव झेलते हुए लखनऊ निवासी महिला गेट संख्या दो तक तो पहुंच गई। लेकिन, उसकी हालत बिगड़ने लगी और बेहोश हो गई। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देकर राहत प्रदान की।
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या में हो रही वृद्धि और अव्यवस्थाओं से हालात दिन प्रतिदिन बिगड़ रहे हैं। मंदिर के बाहर भक्तों की भीड़ के दबाव में घंटों श्रद्धालु अकुलाहट में मंदिर की ओर बढ़ रहे हैं। लेकिन, मंदिर के समीप पहुंचते पहुंचते पहले मंदिर में पहुंचने की होड़ में श्रद्धालुओं में आपाधापी का माहौल बन रहा है।
ऐसे में श्रद्धालुओं की हालत खराब हो रही है। रविवार की सुबह भी हालात मंदिर के पट खुलने के साथ बिगड़ने शुरू हुए तो मंदिर के पट बंद होने तक श्रद्धालुओं की भीड़ में आपाधापी का माहौल बन गया। एक दूसरे को धकियाते हुए श्रद्धालु आगे बढ़ने की कोशिश में जुटे रहे। ऐसे में महिलाओं और बच्चों की चीख निकलती रही।
इसी दौरान दोपहर 12 बजे मंदिर के गेट संख्या दो के समीप पति दिलीप के साथ पहुंची लखनऊ निवासी 32 वर्षीय रूबी की तबीयत बिगड़ने लगी और बेहोश हो गई। पति ने शोर मचाया तो सुरक्षागार्डों ने तत्काल महिला को चिकित्सकों के पास पहुंचाया। चिकित्सकों ने महिला को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद महिला अपने पति के साथ दर्शन करके गंतव्य को चली गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।