विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के लिए आपाधापी, दो जगहों पर श्रद्धालुओं में हुई मारपीट

Published: Sun, 22 Nov 2026 04:00 AM (IST)

मथुरा के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में देवोत्थान एकादशी पर भारी भीड़ के कारण श्रद्धालुओं को अव्यवस्था और आपसी झगड़ों का सामना करना पड़ा।

मथुरा- वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर की गली नंबर दो में भक्तों की भीड़ के बीच श्रद्धालुओं में हुए झगड़े के दौरान चलते लात-घूंसे

मथुरा- वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर की गली नंबर दो में भक्तों की भीड़ के बीच श्रद्धालुओं में हुए झगड़े के दौरान चलते लात-घूंसे

HighLights

  1. बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं में हुई मारपीट।

  2. भारी भीड़ और अव्यवस्था के कारण दो जगह झगड़े हुए।

  3. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मंदिर व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे।

संवाद सहयोगी, मथुरा। ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन की चाह में मंदिर पहुंच रहे श्रद्धालुओं को भीड़ और अव्यवस्थाओं के बीच अब आपसी झगड़ों का भी सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को दर्शन के लिए मंदिर के आसपास जुटी भारी भीड़ के बीच दो स्थानों पर श्रद्धालु आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और जमकर लात-घूंसे चले। भीड़ के बीच हुई इन घटनाओं से अफरातफरी मच गई। अन्य श्रद्धालुओं ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया।

देवोत्थान एकादशी पर शनिवार को भी मथुरा-वृंदावन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के पट खुलने से पहले ही दर्शनार्थियों का पहुंचना शुरू हो गया था। मंदिर के आसपास करीब 500 मीटर के दायरे में श्रद्धालुओं का दबाव बना हुआ था। पुलिस के बैरियर पर लोगों को इंतजार करना पड़ रहा था। संकरी गलियों और रेलिंग के बीच आगे बढ़ने की कोशिश में धक्का-मुक्की और आपाधापी का माहौल बना रहा।

82375697

सुबह करीब 11 बजे गली नंबर दो में गिरिराजजी मंदिर के समीप बैरियर पर भीड़ रुकी हुई थी। इसी दौरान दो श्रद्धालुओं के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों में मारपीट शुरू हो गई। भीड़ के बीच लात-घूंसे चलते देख आसपास मौजूद श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया। महिला श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई। लोगों ने किसी तरह दोनों को अलग कराया।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

कुछ देर बाद गेट संख्या दो से पहले चबूतरे के पास रेलिंग के बीच एक महिला श्रद्धालु और पुरुष के बीच विवाद हो गया। मंदिर में पहले प्रवेश करने की आपाधापी के बीच महिला ने पुरुष के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसके कपड़े तक खींच दिए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर दोनों को शांत कराया।

दोनों घटनाओं के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर में पहुंचकर दर्शन किए और अपने गंतव्य को रवाना हो गए। लगातार बढ़ती भीड़ के बीच ऐसी घटनाएं मंदिर की दर्शन व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रही हैं।

यह भी पढ़ें- ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर के विरोध में एक और याचिका सुप्रीम कोर्ट में दाखिल, बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दिया हवाला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।