Banke Bihari Mandir: बांके बिहारी मंदिर में बदला दर्शन का समय, वृंदावन आने वाले भक्त रखें इन बातों का ध्यान
Banke Bihari Mandir Timings - मंदिर के दर्शन समय में बदलाव के बाद अब बुधवार से आराध्य के दर्शन को सुबह 8.45 बजे मंदिर के पट खुलेंगे जो दोपहर एक बजे बंद होंगे। इसी प्रकार शाम को 4.30 बजे दर्शन मंदिर के पट खुलेंगे जो रात 8.30 बजे बंद हो जाएंगे। ठाकुर जी बांके बिहारी मंदिर में ऋतु के अनुसार भोगराग सेवा और दर्शन समय में परिवर्तन होता आया है।

संवाद सहयोगी, वृंदावन। Banke Bihari Mandir Timings - शरद ऋतु की शुरुआत होने के साथ ही ठाकुर जी बांके बिहारी की भोगराग सेवा और दर्शन समय में बदलाव हो गया। दीपावली बाद भाई दूज पर ठाकुर जी को अर्पित होने वाले भोग में गरिष्ठ पदार्थों की मात्रा में इजाफा करने के साथ पंचमेवा भी परोसा जा रहा है।
मंदिर के दर्शन समय में बदलाव के बाद अब बुधवार से आराध्य के दर्शन को सुबह 8.45 बजे मंदिर के पट खुलेंगे, जो दोपहर एक बजे बंद होंगे। इसी प्रकार शाम को 4.30 बजे दर्शन मंदिर के पट खुलेंगे जो रात 8.30 बजे बंद हो जाएंगे।
भोगराग सेवा और दर्शन समय में बदलाव
ठाकुर जी बांके बिहारी मंदिर में ऋतु के अनुसार, भोगराग सेवा और दर्शन समय में परिवर्तन होता आया है। मंदिर सेवायत श्रीनाथ गोस्वामी ने बताया ठाकुर जी को सर्दी का प्रभाव न पड़े, इसलिए सेवायत विशेष इंतजाम करते हैं।
ठाकुर जी के भोग में अब तक दूध-दही और शीतल पदार्थों की मात्रा अधिक रहती थी, लेकिन अब गरिष्ठ पदार्थ, गर्म दूध परोसा जाएगा और पंचमेवा की मात्रा भी बढ़ा दी गई है। ताकि ठाकुर जी को सर्दी का प्रभाव न पड़ सके।
बांके बिहारी मंदिर में दर्शन का समय
मंदिर प्रबंधक मुनीश शर्मा के अनुसार, बुधवार से मंदिर के दर्शन समय में बदलाव हो गया है। अब मंदिर के पट सुबह 8.45 बजे खुलेंगे, जबकि अब तक सुबह 7.45 बजे खुलते थे और दोपहर 12 बजे के बजाय अब एक बजे तक आराध्य दर्शन देंगे।
इसी तरह शाम को भी एक घंटे जल्दी 4.30 बजे दर्शन खुलेंगे, जबकि पहले 5.30 बजे खुलते थे, शाम को 8.30 बजे पट बंद होंगे, अब तक 9.30 बजे तक दर्शन होते थे। ये दर्शन समय अब होली तक चलेगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।