मथुरा: मुफ्त आवास दिलाने के नाम पर युवती से दुष्कर्म, कोल्डड्रिंक में नशा देकर दिया वारदात को अंजाम
आरोप है कि बातों पर विश्वास में आकर पीड़िता वहां पहुंची तो आरोपित ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
पुलिस ने केस दर्ज किया
संवाद सहयोगी, वृंदावन (मथुरा)। प्रधानमंत्री आवास योजना में आवास दिलाने के नाम पर युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपित ने इस दौरान वीडियो भी बना लिया और किसी को बताने पर प्रसारित करने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
वृंदावन थाने पहुंची पीड़िता ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह छाता क्षेत्र की रहने वाली है। कुछ दिन से उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से लगातार फोन आ रहा था।
फोन करने वाले ने मुफ्त आवास का दिया झांसा
फोन करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम अनिल बताया और उसे झांसा दिया कि उसका चयन प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हुआ है। इसमें उसे मुफ्त आवास दिया जाएगा। इसके बाद 30 अक्टूबर को आरोपित ने सरकारी फार्म भरने और हस्ताक्षर के नाम पर उसे छटीकरा चौराहा बुलाया और प्लाट दिखाकर योजना की जानकारी दी। इसके बाद पांच नवंबर को दोपहर करीब 3.45 बजे आरोपित ने पीड़िता को प्रेम मंदिर के पास एक गेस्टहाउस में बुलाया और कहा कि अधिकारी आ रहे हैं, फार्म वहीं भरे जाएंगे।
कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ दे दिया
आरोप है कि बातों पर विश्वास में आकर पीड़िता वहां पहुंची तो आरोपित ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ दे दिया, जिससे वह बेसुध होने लगी। इसके बाद आरोपित ने उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान आरोपित ने मोबाइल से उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली।
यह भी पढ़ें- फर्जी ED अफसर गिरफ्तार: कार पर नीली बत्ती और रौबदार आवाज, मथुरा में CO ने दिखाई कड़ाई तो गिड़गिड़ाने लगा युवक
यह भी पढ़ें- गोवर्धन पूजा और अन्नकूट मथुरा में कल: पढ़ें इसके पीछे की पूरी कहानी, नोट करें शुभ मुहूर्त
पीड़िता को होश आया, तो वह धमकी देने लगा कि यदि उसने यह बात किसी को बताई तो वह उसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर देगा। इसके अलावा कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की भी धमकी दी। वृंदावन थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।