खुशियों के दीप जले, उम्मीदों के दिल खिले
जागरण संवाददाता, मथुरा: इस दीपावली पर मथुरा खुश है। कारण है कि शहर का विकास रफ्तार पकड़ता दिखाई दे रह
जागरण संवाददाता, मथुरा: इस दीपावली पर मथुरा खुश है। कारण है कि शहर का विकास रफ्तार पकड़ता दिखाई दे रहा है। पुल, ओवर ब्रिज और सड़कों का निर्माण शुरू हुआ है। मेडिकल कॉलेज और अत्याधुनिक हॉस्पिटल खुले हैं। जिले को गोवर्धन के रूप में पांचवीं तहसील मिली है। अपराध नियंत्रण के तहत कुख्यात ब्रजेश मावी और राजेश टोंटा जैसे अपराधी मारे गए। जनता को दीपावली के बाद भी तमाम नई उम्मीदों की किरण नजर आ रही हैं।
ओवरब्रिज और पुल: इस वर्ष गो¨वद नगर इलाके में रेलवे लाइन पर बना ओवरब्रिज शहर को मिला है। छह महीने पूर्व इसे यातायात आगमन के लिए खोल दिया गया। यमुना पर बने पुराने पुल के बगल में ही नया पुल बनाया जा रहा है, जो आधा बन चुका है। स्टेट बैंक से टैंक चौराहे वाले मार्ग पर रेलवे लाइन पर नया ओवर ब्रिज बनने का काम शुरू हो चुका है। रेलवे फाटक लगने के बाद यहां दूर-दूर तक जाम लग जाता था। हाईवे स्थित गोवर्धन चौराहे परओवर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। टाउनशिप तिराहे और रिफाइनरी के सामने भी ओवर ब्रिज निर्माणाधीन है।
नई सड़कें: इस साल लक्ष्मी नगर इलाके से गोकुल बैराज तक सड़क बनकर तैयार हो चुकी है। यहां पहले गहरे-गहरे गड्ढे थे, जिनमें पानी भरने पर कोई वाहन नहीं निकल पाता था। आए दिन वाहन पलटते थे। डेंपियर नगर में मुख्यमंत्री के आगमन के वक्त संग्रहालय से अहिल्याबाई चौक तक सड़क बनी थी।
रेलवे की थर्ड एंट्री: रेलवे जंक्शन स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों की सहूलियत के लिए रेलवे प्रशासन ने द्वितीय एंट्री के बाद अब तृतीय एंट्री भी शुरू कर दी। धौली प्याऊ के ओर खुलने वाली तृतीय एंट्री से अब यात्रियों को सीधे प्रवेश मिल सकेगा।
हॉस्पिटल और मेडिकल कॉलेज: जिले को इसी साल निजी मेडिकल कॉलेज और अत्याधुनिक अस्पताल भी मिला है। नेशनल हाईवे पर अकबरपुर के पास केडी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल शुरू हुआ है। मथुरा बाइपास के पास अवागढ़ फार्म हाउस में नयति हॉस्पिटल के निर्माण का शुभारंभ इसी साल हुआ है।
गोवर्धन पांचवीं तहसील: पिछली दीपावली पर जिले में चार तहसील थीं। तीन महीने पहले गोवर्धन को पांचवी तहसील के रूप में दर्जा मिला। इससे पहले मथुरा, छाता, मांट व महावन तहसील ही थीं।
दुर्दांत का अंत: जिला कारागार में ब्रजेश मावी हत्याकांड के मुख्य आरोपी राजेश टोंटा जनवरी में गैंगवार के दौरान घायल हुआ था। उसे मथुरा जिला अस्पताल से आगरा रेफर किया था। मगर घने कोहरे में हाईवे पर एंबुलेंस रोककर उसे रास्ते में ही ढेर कर दिया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।