मथुरा में देवोत्थान एकादशी से गूंजेगी शहनाई, इस बार शादी-विवाह के 11 दिन शुभ मुहूर्त की सौगात
चार माह की योगनिद्रा के बाद देवोत्थान एकादशी से भगवान विष्णु जागेंगे, जिससे मांगलिक कार्यों पर लगा विराम समाप्त हो ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
देवोत्थान एकादशी से मांगलिक कार्यों की होगी शुरुआत
नवंबर-दिसंबर में विवाह के लिए 11 शुभ मुहूर्त
तुलसी-शालिग्राम विवाह के साथ बजेगी शहनाई
जागरण संवाददाता, मथुरा। चार माह की योगनिद्रा के बाद भगवान विष्णु के जागने के साथ ही मांगलिक कार्यों पर लगा विराम समाप्त हो जाएगा। देवोत्थान एकादशी से ब्रज में शहनाइयों की गूंज सुनाई देने लगेगी। घर-आंगन में विवाह की तैयारियां शुरू होंगी तो मंदिरों में तुलसी-शालिग्राम विवाह के आयोजन आस्था और उल्लास के साथ होंगे।
इस बार नवंबर और दिसंबर में विवाह के लिए कुल 11 शुभ मुहूर्त मिल रहे हैं। ऐसे में शादी की तैयारी कर रहे परिवारों के लिए अगले दो महीने खास रहने वाले हैं।
तुलसी-शालिग्राम विवाह के साथ बजेगी विवाह की शहनाई
कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवोत्थान या देवउठनी एकादशी के रूप में मनाया जाता है। ज्योतिषाचार्य कामेश्वर नाथ चतुर्वेदी और साहित्याचार्य शरद चतुर्वेदी के अनुसार, एकादशी तिथि 20 नवंबर को सुबह 7:15 बजे शुरू होकर 21 नवंबर को सुबह 6:31 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के अनुसार अधिकांश स्थानों पर 21 नवंबर को देवोत्थान एकादशी और तुलसी विवाह का आयोजन होगा। इसी के साथ चातुर्मास समाप्त हो जाएगा और विवाह सहित अन्य मांगलिक संस्कारों की शुरुआत होगी।
देवोत्थान एकादशी से शुरू होंगे मांगलिक कार्य
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, नवंबर में विवाह के लिए 21, 24, 25 और 26 नवंबर को शुभ मुहूर्त हैं। वहीं दिसंबर में 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 दिसंबर को विवाह के योग बन रहे हैं। इस तरह दोनों महीनों में कुल 11 दिन विवाह के लिए शुभ रहेंगे। दिसंबर में 12 तारीख को वर्ष का अंतिम विवाह मुहूर्त होगा।
सूर्य धनु राशि में प्रवेश करने के बाद लगेगा खरमास
इसके बाद सूर्य के धनु राशि में प्रवेश के साथ खरमास शुरू हो जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार खरमास में विवाह, गृह प्रवेश सहित अन्य मांगलिक कार्य नहीं किए जाते हैं। यह अवधि मकर संक्रांति तक रहेगी। देवोत्थान एकादशी के साथ ही बाजारों में भी रौनक बढ़ने लगी है। कपड़े, आभूषण, बर्तन और शादी से जुड़ी खरीदारी के लिए लोग बाजारों का रुख कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।