UP चुनाव के लिए BJP की बैठक: कल मथुरा में जुटेंगे 40 दिग्गज, दो दिन रहेंगे CM सहित देश के बड़े चेहरे
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा 16 और 17 नवंबर को मथुरा में एक महत्वपूर्ण चिंतन बैठक कर रही ...और पढ़ें

फाइल फोटो।
HighLights
मथुरा में भाजपा की दो दिवसीय चिंतन बैठक आयोजित
सीएम योगी आदित्यनाथ सहित 40 दिग्गज नेता शामिल होंगे
यूपी चुनाव रणनीति और संगठन मजबूती पर होगा मंथन
जागरण संवाददाता, मथुरा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की आहट के बीच भाजपा ने अपनी सियासी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। इसकी महत्वपूर्ण कड़ी कान्हा की नगरी बनेगी। परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र में 16 और 17 नवंबर को होने वाली दो दिवसीय चिंतन बैठक में भाजपा प्रदेश की चुनावी रणनीति को धार देने के साथ संगठन की जड़ों को और मजबूत करने का खाका तैयार करेगी।
करीब 40 दिग्गज नेता एक साथ बैठकर चुनावी चुनौतियों, राजनीतिक समीकरणों और संगठन की तैयारियों पर मंथन करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित प्रदेश सरकार और संगठन के शीर्ष पदाधिकारी बैठक में दो दिन शामिल रहेंगे। 17 नवंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी यहां पहुंचेंगे।
दो दिन रहेंगे सीएम योगी समेत भाजपा के देश व प्रदेश के बड़े चेहरे
भाजपा की इस महत्वपूर्ण बैठक के लिए मथुरा का चयन अपने आप में राजनीतिक संदेश देने वाला है। अयोध्या और काशी के बाद ब्रजभूमि को केंद्र में रखकर पार्टी यह संकेत देना चाहती है कि मथुरा और भगवान श्रीकृष्ण भी उसके राजनीतिक और सांस्कृतिक एजेंडे में अहम स्थान रखते हैं। मंथन के जरिए भाजपा ब्रज क्षेत्र में अपने वैचारिक और संगठनात्मक आधार को भी मजबूती देने का संदेश देना चाहती है।
बैठक में 16 व 17 नवंबर को दोनों दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष के साथ सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों के प्रभारी तथा प्रदेश कोर कमेटी के सदस्य शामिल होंगे। 17 नवंबर को खुद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी इस चिंतन बैठक में शामिल होंगे।
16 नवंबर से जुटेंगे भाजपा के 40 दिग्गज
बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता, पन्ना प्रमुखों की भूमिका, शक्ति केंद्रों की स्थिति और निष्क्रिय संगठनात्मक इकाइयों को सक्रिय करने पर विचार होगा। पार्टी की कोशिश रहेगी कि चुनाव से पहले बूथ स्तर तक ऐसा मजबूत नेटवर्क तैयार हो, जो मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित कर सके। नए मतदाताओं, युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति भी महत्वपूर्ण होगी।
चुनावी रणनीति को धार देने पर होगा मंथन
इसके साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ पाने वाले लोगों से संपर्क, सरकार की उपलब्धियों का प्रचार और स्थानीय स्तर पर जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर संगठन की भूमिका पर भी चर्चा हो सकती है। संगठन और सरकार के बीच तालमेल, प्रदेश में बदलते जातीय और सामाजिक समीकरण, विपक्ष की संभावित रणनीति, सहयोगी दलों के साथ समन्वय और कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने जैसे विषयों पर भी पार्टी नेतृत्व का ध्यान रहेगा। पार्टी जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय ने बताया कि बैठक की तैयारियां चल रही हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।