योग की गंगा में लगाई निरोग के लिए डुबकी
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पं. जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में हुआ मुख्य कार्यक्रम योग के साथ पर्यावरण का रखें ख्याल योग भारतीय संस्कृति की पहचान डा. अरुण

जासं, मैनपुरी: मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिले में जगह-जगह योग हुए। शहर के पंडित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में योग की गंगा बही तो साधकों ने क्रियाओं का समुंदर बनाया। कार्यक्रम में अतिथि, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और नागरिकों ने प्राणायाम से लेकर कपाल भांति और अन्य योग क्रियाएं कीं।
आठवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सुबह से शहर से गांव तक योग का माहौल नजर आया। सुबह छह बजे से पहले ही आम नागरिक, पतंजलि, क्रीड़ा भारती के पदाधिकारियों के अलावा शिक्षक, विद्यार्थी और अधिकारियों का स्टेडियम में आना शुरू हो गया। सफेद-रंगीन कपड़ों में आए साधकों ने योग प्रशिक्षकों द्वारा मंच से की गई क्रियाएं दोहराई। पंतजलि के साधकों ने हर रोग के निदान के लिए योग क्रियाएं बताईं और मंच से प्रदर्शन किया। इस दौरान साड़ी पहनकर आईं महिलाओं ने योग क्रियाओं में सहभागिता की।
भजन-संगीत से हुए योग
साधकों में योग के प्रति रोमांच भरने के लिए भजन-संगीत के जरिये क्रियाएं की गईं। शहर के चांदेश्वर की रहने वाली बालिका रेशू पुत्री राजेश कुमार ने संगीत के जरिये क्रियाओं का प्रदर्शन किया तो परिसर तालियों से गूंज उठा।
मंच के बजाय धरा को वरीयता
कार्यक्रम में सहभागिता के लिए आए विधायक रामनरेश अग्निहोत्री और डीएम अविनाश कृष्ण सिंह सुबह 7.20 बजे स्टेडियम पहुंचे तो उन्हें मंच पर बुलाया गया, लेकिन दोनों ने धरा पर बैठकर ही योग करने की बात कही। वहीं एडीएम रामजी मिश्र ने विधायक के लिए स्थान छोड़ा।
सूचना विभाग ने बांटी बुकलेट
कार्यक्रम में आए साधकों को सूचना विभाग ने योग से संबंधित बुकलेट का वितरण कराया। इसमें योग की तमाम क्रियाओं के फोटो और उनकी जानकारी आदि थी।
योग के साथ पर्यावरण का रखें ख्याल
कार्यक्रम में सुबह 7.35 बजे आए प्रदेश के पर्यावरण, जंतु उद्यान और जलवायु मंत्री डा. अरुण कुमार सक्सेना ने गर्मी और उमस की बात कहते हुए देरी से आने पर गलती मानते हुए कहा कि योग प्राचीन संस्कृति है, इसे आज 180 देश कर रहे हैं, यह भारत के लिए गौरव की बात है। दुनिया में यह पीएम नरेंद्र मोदी की वजह से हो रहा है। उन्होंने कहा कि नामल हेल्थ प्लस योग प्लस एक्सटेंशन से गुड लाइफ बनेगी। मानसिक, सामाजिक और सेहत के लिए योग जरूरी है। उन्होंने मौजूद लोगों से कहा कि आज पृथ्वी का तापमान बढ़ रहा है, कार्बनडाइ आक्साइड अधिक बन रही है। इसलिए योग तो करिये, साथ में हर घर में एक पौधा जरूर लगाएं, चाहे वह तुलसी का ही हो। पौधे लगाकर दो साल पालने होंगे। विधायक रामनरेश अग्निहोत्री ने कहा कि निरोगी काया के लिए योग जरूरी है। इससे पहले अतिथियों ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
बेहतर रहे इंतजाम
स्टेडियम में हुए कार्यक्रम की राज्यमंत्री ने तारीफ की, इसे बेहतर बताया। स्टेडियम में स्थान भरने पर वाहन सड़क के दूसरी ओर खड़े कराए गए, जहां टेंट व्यवस्था की ओर से कर्मचारी लगाए गए थे। ड्रोन से यहां की हर गतिविधि को रिकार्ड किया गया।
-
ये रहे मौजूद-
योग के इस कार्यक्रम में सीडीओ विनोद कुमार, एसडीएम नवोदिता शर्मा, डीआइओएस मनोज कुमार, नेहरू युवा केंद्र की युवा अधिकारी सोनाली नेगी, उप क्रीड़ा अधिकारी सुनील कुमार, एएसपी मधुवन कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह, बृज भाजपा उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, संघ के जिला संचालक रामनाथ आदि मौजूद रहे। समापन पर छांछ बांटी गई।
मंच से बताईं योग क्रियाएं
पतंजलि के पदाधिकारी और योगाचार्यों ने मंच से योग की क्रियाएं कराईं। संचालन योग समिति के प्रभारी डा. चन्द्र मोहन सक्सेना ने और व्यवस्था संचालन बीएसए कमल सिंह ने किया। योग क्रियाएं कराने में मुख्य शिक्षिका दाखश्री, गीता मौर्य आदि का योगदान रहा।
वीआइपी गद्दों की रही चिता-
समारोह में अधिकारियों और अतिथियों के लिए गद्दे बिछाए गए थे, सफेद चादर भी डाली गई। आयोजक अतिथियों के आने तक इनको भरने से रोकने के लिए बार-बार साधकों से आग्रह करते रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।