कड़े रहे सभा स्थलों पर सुरक्षा के इंतजाम
सपा और भाजपा की सभाओं के बीच की दूरी दो किलोमीटर से भी कम थी। इसलिए सुरक्षा के इंतजाम भी पुलिस के लिए चुनौती बने हुए थे। दोनों सभाएं सफलता पूर्व बिना किसी विवाद के संपन्न कराने के लिए पुलिस महकमा लगातार सक्रिय बना रहा। आलाधिकारी भी दोनों जगहों पर नजर बनाए रहे।

जासं, मैनपुरी: सपा और भाजपा की सभाओं के बीच की दूरी दो किलोमीटर से भी कम थी। इसलिए, सुरक्षा के इंतजाम भी पुलिस के लिए चुनौती बने हुए थे। दोनों सभाएं सफलता पूर्व बिना किसी विवाद के संपन्न कराने के लिए पुलिस महकमा लगातार सक्रिय बना रहा। आलाधिकारी भी दोनों जगहों पर नजर बनाए रहे।
करहल विधानसभा क्षेत्र में सपा प्रत्याशी अखिलेश यादव और भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल की सभाओं का आयोजन गुरुवार को हुआ। अखिलेश यादव के समर्थन में आयोजित सभा में खुद अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव मौजूद रहे। वहीं, एसपी सिंह बघेल के समर्थन में आयोजित सभा में गृहमंत्री अमित शाह मौजूद थे। दोनों सभाओं में धुरधंरों की मौजूदगी के चलते दोनों ही सभाओं में समर्थकों की भीड़ जुट रही थी। दोनों के समर्थक नारे लगाते हुए जा रहे थे। इस दौरान उनका आमना-सामना भी हुआ। एक-दूसरे को देखकर और भी ज्यादा उत्साह से नारे लगाए गए। इस दौरान दोनों समर्थकों के बीच भिडंत की संभावनाएं बनी, लेकिन पुलिस सजगता के कारण विवाद नहीं हो सका। दोनों ही सभा स्थलों और आने जाने के रास्तों पर काफी दूर तक बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी और अर्द्ध सैनिक बल के जवान मौजूद थे। इसके चलते किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं बनी। जाम के झाम से जूझते रहे समर्थक
दोनों ही राजनेताओं की सभाएं एक ही इलाके में थी। यहां पहुंचने के लिए रास्ते भी एक जैसे थे। दोनों के ही समर्थक भारी संख्या में अपने-अपने वाहनों से आ रहे थे। कस्बा घिरोर में तिराहे के पास लगातार जाम के हालात बने रहे। वहीं कोसमा चौराहे पर भी जाम की स्थिति बनी रही। यहां जाम खुलवाने के लिए एएसपी मधुवन कुमार सिंह अन्य पुलिसकर्मियों के साथ भाग दौड़ करते रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।