UP Politics News: जीत मिलने पर अखिलेश ने बांधे शिवपाल की तारीफों के पुल, बोले- चाचा ने भाजपा को झुला दिया झूला
UP Politics- सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव के दौरान करहल में हुई जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चाचा को पेंडुलम तक कहा लेकिन पेंडुलम वाले चाचा ने पूरी भाजपा सहित मुख्यमंत्री को झूला झुला दिया।

किशनी/मैनपुरी, जागरण टीम: मैनपुरी उप चुनाव में मिली जीत के बाद चाचा-भतीजा शिवपाल यादव और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बीच की दूरियां खत्म हो चली हैं। इन दिनों अखिलेश यादव चाचा शिवपाल के मुरीद बने हुए हैं। रविवार को किशनी कस्बे के एक गेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं और जनता का आभार जताने के लिए एक कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में अखिलेश यादव चाचा शिवपाल की तारीफों के पुल बांधते नजर आए। अखिलेश ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा पर भी निशाना साधा।
कार्यक्रम के दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव के दौरान करहल में हुई जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चाचा को पेंडुलम तक कहा, लेकिन पेंडुलम वाले चाचा ने पूरी भाजपा सहित मुख्यमंत्री को झूला झुला दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार को बढ़ती महंगाई को लेकर कोई फिक्र नहीं है।
नव निर्वाचित सांसद ने कहा- संघर्ष किया जाएगा
वहीं नव निर्वाचित सांसद डिंपल यादव ने कहा कि किशनी की जनता ने हृदय से नेताजी को श्रद्धांजलि देकर उन्हें बड़े अंतर से जीत दिलाई है, इसलिए मैनपुरी की जनता के लिए हर संघर्ष किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व ब्लाक प्रमुख मीरा यादव ने सांसद को बुके भेंट कर सम्मानित किया।
इस मौके पर पूर्व सांसद तेजप्रताप सिंह यादव, विधायक बृजेश कठेरिया, जिलाध्यक्ष आलोक शाक्य, पूर्व एमएलसी अरविंद यादव, अवधेश यादव, पूर्व विधायक संध्या कठेरिया सहित अन्य मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं के सम्मान में पार्टी हर समय तैयार: अखिलेश
कुसमरा में विद्याराम जाटव मुनीम के आवास पर पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि वह मैनपुरी में अपने कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरने नहीं देंगे। कार्यकर्ताओं के साथ अगर कहीं भी ज्यादती होगी तो पार्टी वहां पर खड़ी मिलेगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा उप चुनाव के मतदान के एक दिन पूर्व प्रशासन ने विद्याराम मुनीम को गिरफ्तार कर लिया था, उनके दबाव के कारण ही छोड़ा गया। इस चुनाव में कार्यकर्ताओं के बल पर ही डिंपल यादव को ऐतिहासिक जीत मिली है।
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी ने सत्ता में रहते हुए मैनपुरी जिले में चारों ओर विकास किया था। उप चुनाव में पूरे देश की निगाह लगी हुई थी, लेकिन मैनपुरी की जनता ने डिंपल यादव को जिताकर इतिहास रच दिया। भाजपा पुलिस और प्रशासन की दम पर चुनाव जीतना चाहती थी, लेकिन जनता ने इसे नकार दिया।
सुरक्षाकर्मियों ने प्रधानों से की अभद्रता
रविवार को नगर में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के कार्यक्रम में सभी सेक्टर और बूथ अध्यक्ष के साथ प्रधानों को शामिल होने गए थे। इस दौरान सपा समर्थित कई प्रधान अखिलेश से मिलने की प्रतीक्षा कर रहे थे। संबोधन समाप्त होने के बाद जब अखिलेश यादव प्रधानों से मिलने पहुंचे तो उनके सुरक्षाकर्मियों ने प्रधानों व पदाधिकारियों से जमकर धक्का मुक्की और अभद्रता की। जिससे प्रधान व पदाधिकारी आक्रोशित नजर आए। कई प्रधानों ने इसकी शिकायत सपा प्रमुख से करने की बात कही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।