नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की
शुक्रवार को अजन्मे के जन्मोत्सव को लेकर समूचे जिले में उल्लास का माहौल रहा।
नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की
जासं, मैनपुरी: शुक्रवार को अजन्मे के जन्मोत्सव को लेकर समूचे जिले में उल्लास का माहौल रहा। सुबह से ही चारों ओर उत्साह और श्रद्धा का माहौल था। रात 12 बजते ही मंदिर और घरों में घंटे-घड़ियाल, शंख ध्वनि की गूंज के बीच नंद घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल से वातावरण गुंजायमान हो गया। मंदिरों और घरों में कान्हा को पंचामृत से स्नान कराकर नई पोशाक धारण कराई गई। आभूषण से शृंगार किया गया। बाल कृष्ण के दर्शन कर सभी ने अपना जीवन धन्य किया। मंदिरों में आरती उतार कर प्रसाद वितरित किया गया।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शुक्रवार रात को अंधेरा होते ही लोग अपने-अपने घरों से बच्चों के साथ कान्हा के दर्शन को निकल पड़े। मंदिरों में रात 12 बजे बाल कृष्ण का मंत्रोच्चारण के बीच पंचामृत से अभिषेक किया गया। महिलाओं ने बाल कृष्ण का भोग लगा प्रसाद वितरित किया। मंदिरों और घरों में सामूहिक रूप से कृष्ण जन्म पर बधाइयां गाई। ये सिलसिला देर रात तक चलता रहा। भक्तों ने घरों में मनमोहक झांकियां सजाकर जन्मोत्सव मनाया। भये प्रकट कृपाला दीनदयाला...आदि बधाई गीत चारों ओर गुंजायमान रहे। शहर के प्रमुख मंदिर भीमसेन महाराज, द्वारकाधीश मंदिर, श्यामा श्याम मंदिर, राधावल्लभ मंदिर, बाबा रघुवीर दास मंदिर, पवनसुत मंदिर, बिहारीजी मंदिर, दाऊजी मंदिर, एकरसानंद, नारदानंद, कैलाश आश्रम सहित सभी छोटे-बड़े मंदिरों और घरों में कृष्ण की बाल लीलाओं से जुड़ी झांकियों का आयोजन किया गया।
श्रीकृष्ण और राधा के स्वरूप में सजे बच्चे
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया। घरों में बच्चों को श्रीकृष्ण और राधा के स्वरूपों में सजाया गया। झांकियों के साथ लोगों ने बच्चों के स्वरूपों की भी पूजा-अर्चना की। घरों में लगाई गई झांकियों में बच्चों और युवाओं ने अपनी कला का प्रदर्शन कर राधाकृष्ण के स्वरूपों के विभिन्न रूपों में दर्शन कराए। बच्चों ने झांकी सजाकर बच्चों को आकर्षित किया।
इंटरनेट मीडिया पर भी धूम
अजन्मे के जन्म की धूम इंटरनेट मीडिया पर भी छाई रही। नागरिकों ने शुभकामना और बंधाई संदेश इंटरनेट मीडिया के माध्यम से एक-दूसरे के साथ शेयर किए। झांकियां और श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप भी छाए रहे।
हर ओर रहा उल्लास
जन्माष्टमी पर हर ओर उल्लास का माहौल रहा। बाजार में कान्हा से संबंधित सामग्री की खूब खरीदारी हुई। दुकानों पर भीड़ नजर आई। फल और खीरा तो अन्य दिनों के मुकाबले महंगे बिके।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।