विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मैनपुरी में महिला समूहों ने खोले तरक्की के दरवाजे, 60 महिलाओं को मिला आत्मनिर्भरता का आधार

Published: Thu, 19 Nov 2026 09:58 AM (IST)

मैनपुरी में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी 60 महिलाएं आधुनिक प्लांट संचालित कर आंगनवाड़ी बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए पौष्टिक पुष्टाहार बना रही हैं।

जागी के गांव अजीतगंज में संचालित अधुनिक प्लांट में पुष्टाहार तैयार करती समूह की महिला। सौ. विभाग

जागी के गांव अजीतगंज में संचालित अधुनिक प्लांट में पुष्टाहार तैयार करती समूह की महिला। सौ. विभाग

HighLights

  1. महिला समूह मैनपुरी में पौष्टिक पुष्टाहार प्लांट चला रहे हैं।

  2. साठ महिलाओं को इन प्लांटों से मासिक रोजगार मिल रहा है।

  3. आंगनवाड़ी बच्चों और गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार मिल रहा है।

सौरभ शुक्ला, मैनपुरी। अब गांव की महिलाएं राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से रिश्ता जोड़कर चौका-चूल्हा के साथ ही आर्थिक उन्नति से जुड़ रही हैं। स्वजन की आर्थिक स्थिति संवारने को महिलाएं अब उन्नति के पथ पर सरपट दौड़ रही हैं।

गांव-गांव बिजली के बिल वसूलकर जमा कराने वाली समूह की महिलाएं आधुनिक प्लांट भी संचालित कर आंगनबाड़ी में पढ़ने वाले बच्चों व गर्भवती महिलाओं के लिए छह प्रकार का पुष्टाहार तैयार करतीं हैं। साठ महिलाएं तीन ब्लाकों में संचालित ऐसे प्लांटों का संचालन संभाल रही हैं।

अब तक एक लाख से अधिक महिलाएं जुड़ी

जिले में दस साल पहले वर्ष 2016 में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन शुरू होने के बाद से अब तक एक लाख से अधिक महिलाएं इससे जुड़ी हैं। दो साल पहले समूह की ही महिलाओं को और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने को आंगनबाड़ी केंद्रों की लाभार्थी महिलाओं और बच्चों को पौष्टिक आहार बनाने का काम सौंपा गया।

अब जिले के करहल, जागीर के अजीतगंज और किशनी में संचालित इन आधुनिक प्लांटों में पौष्टिक पुष्टाहार बनाने और पैकिंग करने का काम हो रहा है। पुष्टाहार के लिए बाल विकास विभाग मांग जारी करता है, इसके आधार पर एफसीआइ गोदाम से प्लांट संचालित करने वाले समूहों की महिलाएं गेहूं उठाती हैं, जबकि दाल और अन्य सामग्री बाजार से खरीदी जाती है।

लाभांश का वितरण वार्षिक जनरल मीटिंग में

पुष्टाहार प्लांटों के संचालन का दायित्व एसोसिएशन आफ पर्सन (एओएफ) की महिलाएं संभालती हैं। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वत: रोजगार उपायुक्त शौकत अली ने बताया कि लाभांश का वितरण वार्षिक जनरल मीटिंग में होता है।

सीडीओ संतोष बहादुर सिंह का कहना है कि जिले में समूहों से जुड़ी महिलाएं मसाले, सजावटी सामान के अलावा अन्य उत्पाद तैयार कर रही है। करहल, अजीतगंज और किशनी के आधुनिक प्लांटों का संचालन करने वाली समूह की महिलाएं छह प्रकार की पौष्टिक रेसिपी तैयार कर अच्छी आय कमा रही हैं।

समूह के शेयर से लगे प्लांट

आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चे और गर्भवती-धात्री महिलाओं के लिए पुष्टाहार रेसिपी बनाने को लगे आधुनिक प्लांट भी महिला समूहों के शेयर से स्थापित हुए हैं। पुष्टाहार प्लांट के लिए समूहों ने 90 लाख रुपये दिए हैं। यह राशि प्रति समूह 30 हजार रुपये से एकत्र हुई है। प्लांट में तैयार पुष्टाहार को दूसरे समूह अपने वाहनों से गांव-गांव संचालित आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचाते हैं।

60 महिलाओं को मिला मासिक रोजगार

प्लांट संचालन का जिम्मा संबंधित ब्लाक के समूह से जुड़ी 20-20 महिलाएं संभाल रही है। तीन ब्लाकों में संचालित इन प्लाटों को 60 महिलाएं संचालित करतीं हैं, इसके बदले उनको 266 रुपये प्रतिदिन मानदेय मिलता है। काम पर नहीं आने पर मानदेय नहीं दिया जाता है।

यह भी पढ़ें- रेल यात्री भी ले सकेंगे विंध्य के स्वदेशी उत्पादों का आनंद, स्टेशन पर खुलेगा महिला समूह का स्टाल

यह भी पढ़ें- सुल्तानपुर के दीयों से जगमगाएगा अयोध्या दीपोत्सव और बिजेथुआ धाम, महिला समूह का हुनर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।