Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    घर में घुसे चोर, महिला ने देखकर मचाया शोर तो चाकू से कर दिया हमला

    Updated: Sat, 30 Aug 2025 10:29 PM (IST)

    मैनपुरी के दन्नाहार थाना क्षेत्र के कंझाहार गांव में चोरों ने एक महिला पर चाकू से हमला कर दिया। महिला के शोर मचाने पर चोरों ने उसकी गर्दन पर चाकू से वार किया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीणों के आने पर चोर छत से कूदकर भाग गए।

    Hero Image
    घर में घुसे चोरों ने महिला पर चाकू से किया हमला। जागरण

    संवाद सूत्र, मैनपुरी । दन्नाहार थाना क्षेत्र के गांव कंझाहार में घिरोर पर बने मकान में शुक्रवार रात घुसे चोरों ने शोर मचाने पर महिला को पकड़ लिया। गर्दन पर चाकू से वार शुरू कर दिया। आवाज सुनकर स्वजन के साथ ग्रामीणों को आता देख चोर छत से कूदकर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं पीड़ित की ओर से दन्नाहार थाने में तहरीर दी गई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दन्नाहार थाना क्षेत्र के गांव कंजाहार निवासी पंकज कुमार घिरोर रोड पर मकान बनाकर स्वजन के साथ रह रहे हैं। शुक्रवार को उनके खेत पर सबमर्सिबल की बोरिंग हो रही थी। रात करीब आठ बजे वह पिता घर के बाहर चारपाई पर लेटे थे और छोटा भाई बरामदे में खाना खा रहा था। तभी साढ़े आठ बजे के करीब दो चोर पीछे से छत पर चढ़कर कमरों में पहुंच गए।

    देखते ही शोर मचाना शुरू कर दिया

    इस बीच पंकज की पत्नी प्रीति किसी काम से छत पर बने कमरे में गई तो उन्होंने दोनों को देखकर शोर मचाना शुरू कर दिया। तभी एक चोर ने प्रीति का मुंह दबाकर पीटना शुरू कर दिया। जब प्रीति ने बचाव किया तो दूसरे ने कमर से चाकू निकाल उनकी गर्दन पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

    शोर सुनकर ग्रामीणों के साथ स्वजन भी छत की ओर दौड़ पड़े। तभी चोर छत से कूदकर खेतों की ओर भाग गए। प्रीति को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर दन्नाहार थाना प्रभारी वीरेंद्रपाल सिंह पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे।

    जहां उन्होंने मौका मुआयना किया। पंकज की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है। इस संबंध में दन्नाहार थाना प्रभारी वीरेंद्रपाल सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच में जो भी सच्चाई निकलकर सामने आएगी। उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।