Mainpuri News: रंजिश के चलते महिला की गोली मारकर हत्या, चारपाई पर पड़ा मिला शव, असलहा सहित एक गिरफ्तार
मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र के जखौआ गांव में जमीनी विवाद के चलते एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 45 वर्षीय रानी देवी अपने घर के बरामदे में सो रही थीं तभी उन पर हमला किया गया। पुलिस ने एक आरोपी को हथियार समेत गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। कुरावली थाना क्षेत्र के गांव जखौआ में जमीनी रंजिश के चलते देर रात सोते समय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। चारपाई पर रक्तरंजित हालत में शव पड़ा देख स्वजन में चीख-पुकार मच गई।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को असलहा सहित गिरफ्तार कर लिया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा कर पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है। वहीं मृतका के पति की ओर से घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है।
कुरावली थाना क्षेत्र के गांव जखौरा निवासी अरविंद कुमार से गांव के ही रुकुम सिंह से जमीनी रंजिश चल रही है। इसी के चलते दोनों पक्ष कई बार आमने-सामने भी आ चुके हैं।
रविवार की रात अरविंद सहित अन्य स्वजन खाना खाने के बाद सोने के लिए चले गए। उनकी 45 वर्षीय पत्नी रानी देवी घर के बरामदे में चारपाई पर सो रही थीं। रात डेढ़ बजे के करीब गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई।
रक्त रंजित हालत में शव पड़ा देख स्वजन में चीख पुकार मच गई। इधर हत्या की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने एक हमलावर को असलहा सहित गिरफ्तार कर लिया और शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
इधर अरविंद कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका रुकुम सिंह से जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते रविवार की देर रात रुकुम सिंह के पुत्र मुनेंद्र, उसकी पत्नी साधना और साले संगम निवासी तौसइया थाना जसरथपुर एटा और दो अज्ञात साथियों के साथ घर में घुसकर रानी देवी की गोली मारकर हत्या कर दी है।
इस संबंध में इंस्पेक्टर कुरावली धर्मेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि स्वजन के अनुसार जमीनी रंजिश के चलते हत्या किए जाने की तहरीर दी गई है। एक आरोपी को असलहा सहित पकड़ लिया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।