Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Weather Update: मैनपुरी में तेज आंधी और बारिश से लुढ़का तापमान, राहतभरा रहा नौतपा का पहला दिन

    मैनपुरी में रविवार सुबह मौसम बदला तेज आंधी और बारिश से राहत मिली। नौतपा के पहले दिन तापमान गिरा। आंधी से आम और जामुन गिरे। बारिश से नालियां उफनाई और गंदगी बह गई। खेती को फायदा हुआ सिंचाई बची। मौसम विभाग के अनुसार इस बार नौतपा में तापमान कम रहने की संभावना है।

    By Sharvan Kumar Sharma Edited By: Abhishek Saxena Updated: Sun, 25 May 2025 04:00 PM (IST)
    Hero Image
    प्रस्तुतीकरण के लिए सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

    जागरण संवाददाता, मैनपुरी। रविवार सुबह- सुबह आसमान पर छाए काले बादलों के बीच तेज धूल भरी आंधी ने लोगों को राहत दी। नौतपा के पहले ही दिन झमाझम वर्षा और बूंदाबांदी ने अधिकतम तापमान को नीचे गिरा दिया। तीन घंटे तक बूंदाबांदी मौसम को सुहावना बनाती रही। आकाशीय चमक और गरज डराती रही। तेज आंधी की वजह से पेड़ों पर लदा कच्चा आम फिर नीचे आ गिरा, जबकि जामुन भी गिरी। नाले- नालियां भी इस दौरान उफन कर बहे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सुबह- सुबह करीब पांच बजे आसमान पर काले बादलों के डेरा डालने के साथ मध्यम गति से बयार चलने लगी। थोड़ी देर बाद बयार तेज हुई तो धूल भरी आंधी शुरू हो गई। करीब बीस मिनट तक ऐसा मौसम बना रहा। इस दौरान पेड़ों पर लदा कच्चा आम तेज आंधी की वजह से पेड़ों से गिरने लगा।

    कच्चे जामुन भी पेड़ों से गिरते रहे। सुबह साढ़े पांच बजे के बाद आसमान पर छाए बादल और काले हुए तो अंधेरा छा गया और बूंदाबांदी होने लगी। छह बजे अचानक बूंदाबांदी वर्षा में बदल गई और तेज बयार के साथ वर्षा ने गति पकड़ ली। आधा घंटे तक तेज बयार के साथ वर्षा हुई, फिर सुबह नौ बजे तक बूंदाबांदी मौसम को सुहाना बनाती रही। सुबह 10 बजे के बाद मौसम धीरे- धीरे साफ हो गया तो धूप निकल आई, लेकिन यह परेशानी की वजह बनी बनी।

    वर्षा बहा ले गई पालिका की गंदगी

    तेज वर्षा की वजह से नाले और नालियां उफनकर बहे तो जमा गंदगी पानी के वेग के साथ ईशन नदी में में समाहित हो गई। करीब तीन घंटे तक नाले- नालियां उफनकर बहते रहे। इस दौरान नगर में नाला सफाई के दौरान सड़कों पर डाली गई सिल्ट भी फिर से ढलान की ओर बहकर दूसरी ओर नालों में गिरती दिखी।

    खेती को हुआ लाभ

    मई माह में अब तक दो बार वर्षा हुई है। तीन दिन बाद तेज गति से हुई वर्षा ने खेती को लाभ दिया है। आसमानी पानी से मक्का, मूंगफली के अलावा सब्जी की खेती को लाभ मिला है। खेतों में नमी होने से किसानों की एक सिंचाई भी बच गई।

    नौतपा में कम रहेगा तापमान

    करीब 18 साल बाद नौतपा के दिनों में जिले का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी नरेंद्र कुमार के अनुसार, इस बार नौतपा के दिन और उससे पहले भी आंधी-वर्षा की वजह से तापमान गिरा है। संभावना है कि इस बार 18 साल बाद नौतपा के दिनों में तापमान कम रहेगा, जिससे लोगों को गर्मी और लू से राहत मिलेगी। रविवार को अधिकतम 38 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ।