Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Mainpuri News: त्योहार पर मचा घर में कोहराम, मैनपुरी में चाय पीने से दो मासूमों सहित चार लोगों की मौत

    By Dileep SharmaEdited By: Prateek Gupta
    Updated: Thu, 27 Oct 2022 10:01 PM (IST)

    Mainpuri News मैनपुरी में गुरुवार सुबह अजब हादसा हुआ। त्योहार मनाने के लिए घर में परिवार के लोग जुटे थे। चाय पीने के बाद नाना की तबियत बिगड़ी परिजन उन्हें संभालते तब तक दो बच्चाें की भी तबियत खराब हो चुकी थी। चार लोगों की मौत हो गयी।

    Hero Image
    Mainpuri News: मैनपुरी में गुरुवार चाय पीने के बाद चार लोगों की मौत हो गयी।

    आगरा, जागरण संवाददाता। मैनपुरी में भाई दूज पर एक घर में सुबह ही कोहराम मच गया है। दरअसल घटना भी अजब है। चाय की पत्ती के धोखे फोरेट (कीटनाशक) का घोल पीने से दो मासूमों सहित चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक की हालत गंभीर है। सैफई में उसका इलाज चल रहा है। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। थाना औंछा के गांव नगला कन्हई निवासी शिवनंदन दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी मधु और सात वर्षीय पुत्र शिवांक, चार वर्षीय देवांश गांव में रहते थे। मधु गांव में पशुपालन करती है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दूधिया दूध लेकर पहुंचा, भगोने में पानी चढ़ाया

    दीपावली पर शिवनंदन गांव आए थे। गुरुवार सुबह शिवनंदन के ससुर रविंद्र सिंह निवासी गांव त्रिलोकपुर थाना दक्षिण फिरोजाबाद अपनी बेटी से मिलने नगला कन्हई आए थे। इसी बीच गांव के निवासी दूधिया सोबरन सिंह दूध लेने के लिए शिवनंदन के घर पहुंचा। शिवनंदन ने अपनी पत्नी मधु से सभी के लिए चाय बनाने को कहा। मधु गाय का दूध निकालने जा रही थी, इसलिए उसने गैस-चूल्हे पर भगोने में चाय का पानी चढ़ा दिया। बड़े पुत्र शिवांक से दो चम्मच चाय पत्ती और शक्कर डालने की बात कहकर चली गई।

    कीटनाशक फोरेट को चाय की पत्ती समझकर डाल दिया

    शिवांक ने पास ही रखे कीटनाशक फोरेट को चाय पत्ती समझ कर भगोने में डाल दिया। कुछ देर बाद मधु भी पहुंच गई। उन्होंने दूध डालकर चाय तैयार कर शिवनंदन, शिवांक, देवांश, रविंद्र सिंह और सोबरन सिंह को दे दी। इसके बाद खुद नहाने चली गई। शिवनंदन और उनके ससुर चाय पीकर खेत पर चले गए। दूधिया सोबरन सिंह दूध लेकर अपने घर चले गए। मधु नहाकर बाहर निकली तब तक उनके दोनों बेटों को उल्टियां शुरू हो गई। इसी बीच शिवनंदन, उनके ससुर और दूधिया की भी हालत खराब हो गई। गांव के लोग सभी को अस्पताल लाए, जहां चिकित्सकों ने शिवांश, देवांश और रविंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलते ही एसपी कमलेश दीक्षित जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मामले की जानकारी ली।

    अस्पताल में हुई मौत

    चिकित्सकों ने शिवनंदन और दूधिया सोबरन सिंह को सैफई रेफर कर दिया। इलाज के दौरान सैफई में सोबरन सिंह की मौत हो गई। जबकि शिवनंदन की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी मिलते ही एएसपी राजेश कुमार सिंह, सीओ कुरावली संजय कुमार वर्मा पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया। चाय का भगोना और कीटनाशक के पैकेट को कब्जे में ले लिया है।

    एएसपी ने बताया कि अब तक की जांच में चायपत्ती के धोखे में फोरेट का घोल पीने से चारों लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर मौत का कारण पता चल सकेगा। मौके से लिए गए नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा।