Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Mainpuri News: वेदों पर टिप्पणी से विवाद, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता के खिलाफ शिकायत दर्ज

    Updated: Sun, 17 Aug 2025 11:58 AM (IST)

    मैनपुरी में स्वतंत्रता दिवस पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता धनुषधारी ने वेदों और महारानी लक्ष्मीबाई पर विवादित टिप्पणी की। भाजपा अनुसूचित मोर्चा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है जिसमें अभियंता पर वेदों का अपमान करने और महारानी लक्ष्मीबाई पर गलत बयान देने का आरोप लगाया गया है। अभियंता पहले भी विवादों में रहे हैं।

    Hero Image
    Mainpuri News: प्रस्तुतीकरण के लिए सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

    जागरण संवाददाता, मैनपुरी। अपनी विवादित भाषा शैली को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) तृतीय खंड इस बार वेदों पर अपमानजनक टिप्पणी करके फंस गए हैं। भाजपा अनुसूचित मोर्चा के पदाधिकारियों द्वारा इनके खिलाफ थाना बेवर में तहरीर दी गई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    स्वतंत्रता दिवस की 79वीं वर्षगांठ पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय पर अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग धनुषधारी ने ध्वजारोहण किया गया था। ध्वजारोहण उपरांत अपने संबोधन में बजाए बलिदानियों को नमन करने के धर्म और वेदों पर वक्तव्य आरंभ कर दिया। अज्ञानता में वेदों की परिभाषा समझाई। फिर धार्मिक टिप्पणी करते हुए कहा कि ब्राह्मण कोई जाति नहीं है, बल्कि एक ग्रंथ है।

    संबोधन में वेद-पुराणों पर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी

    वेद, पुराण, उपनिषद और वेदांग में जो बातें कही गई हैं, उनमें 90 प्रतिशत बनावटी है। वेदों में सारी बातें कुछ लोगों को गुलाम बनाने के उद्देश्य से ही लिखी गई है। वे यहीं नहीं रुके। आगे कहा कि ऋग्वेद जैसी ही पुस्तक ईरान जिंदा व्यवस्था की एक किताब है। मध्य एशिया से चलकर आए कुछ लोगों ने हमें धर्म, जाति और भाषा, भेद में बांट रखा है।

    इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम का अधूरा ज्ञान

    इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम का अधूरा ज्ञान रखते हुए उन्होंने महारानी लक्ष्मीबाई पर भी विवादित टिप्पणी कर दी। विवादित बोल में कहा कि रानी लक्ष्मीबाई ने पेंशन के लिए युद्ध लड़ा था, न कि स्वतंत्रता के लिए। उनके विवादित वक्तव्य का स्थानीय कर्मचारियों द्वारा वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया।

    वीडियो की जानकारी होने पर तहरीर

    वीडियो की जानकारी होने पर भाजपा के अनुसूचित मोर्चा के जिला अध्यक्ष गौतम कठेरिया ने अपने साथियों के साथ बेवर थाने में पहुंचकर अधिशासी अभियंता के विरुद्ध तहरीर दी। मांग की है कि अधिशासी अभियंता की मानसिकता ब्राह्मण और वेदों को लेकर सही नहीं है। उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग की है।

    विरोध करने वालों में दामोदर सिंह लोधी, हरिपाल सिंह, रोहित नंदन राठौर, सोमवीर सिंह, शशि प्रताप सिंह, सुमित सिकरवार आदि शामिल थे। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि वीडियो क्लिप की पेन ड्राइव के माध्यम से जांच के लिए भेजा गया है। उसके बाद ही विधिक कार्रवाई की जाएगी।

    पहले भी रह चुके हैं चर्चा में

    इससे पूर्व भी अधिशासी अभियंता द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध टिप्पणी की जा चुकी है। हालांकि उस मामले को स्थानीय अधिकारियों द्वारा ही दबा दिया गया था। अब विरोध में भाजपा के पदाधिकारी भी खड़े हो गए हैं। उनकी विवादित कार्यशैली को लेकर पहले से ही कर्मचारियों में विरोध है। स्थानांतरण की मांग करते हुए सभी अनिश्चितकालीन धरना भी दे चुके हैं।

    ये भी पढ़ेंः UP Politics: मुस्लिम, यादव समुदाय के सैकड़ों वोटरों के नाम मतदाता सूची से गायब... सपा सांसद डिंपल यादव ने उठाए सवाल