Mainpuri News: जल्द बहुरेंगे घंटाघर के दिन, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने 147.68 लाख की दी सौगात
मैनपुरी में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने घंटाघर के जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास किया। यह कार्य 147.68 लाख की लागत से होगा। मंत्री ने कहा कि लोगों की मांग पर ऐतिहासिक घंटाघर का जीर्णोद्धार किया जा रहा है जिससे लोगों को फिर से समय का ज्ञान होगा। इसके अलावा जिले में आधुनिक म्यूजियम ऑडिटोरियम और ई-लाइब्रेरी का भी निर्माण किया जाएगा। एक 22 किलोमीटर लंबा बाईपास भी बनाया जाएगा।

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। लंबे समय से बंद पड़े घंटाघर के दिन अब जल्द ही बहुरने वाले हैं। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने 147.68 लाख की लागत से घंटाघर, 95.98 लाख की लागत से ग्राम सहन में गेट आदि के पर्यटन विकास के कार्यों का शिलान्यास किया है।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों, प्रबुद्ध वर्ग के लोगों की मांग पर विकास, जीर्णोद्धार से उपेक्षित रहे ऐतिहासिक घंटाघर के जीर्णोद्धार के शिलान्यास का सौभाग्य प्राप्त हुआ। लंबे अरसे बाद जिले के लोगों को ऐतिहासिक घंटाघर की घड़ी की आवाज से समय का पुनः अहसास होगा। परिसर में काफी ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भी लगेगा, जो नगर के किसी भी कोने से दिखाई देगा।
सार्वजनिक उपयोग के लिए हाेगा उपलब्ध
मंत्री ने कहा कि जिले में प्रदेश के अत्याधुनिक म्यूजियम, ऑडिटोरियम निर्माण का कार्य संचालित है। यह सार्वजनिक उपयोग के लिए उपलब्ध होगा। महाराजा तेज सिंह, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, मैनपुरी का इतिहास, विरासत पर अधारित डिजिटल गैलरी विकसित होगी। जिसमें डिजिटली वस्तुएं आपको देखने को मिलेंगी। 5 करोड़ की लागत से ई-लाइब्रेरी का निर्माण अवध नगर में होगा। 752 करोड़ की लागत से 22 किलोमीटर लंबे बाईपास का निर्माण जल्द ही प्रारंभ होगा। इस हेतु धनराशि भी अवमुक्त हो चुकी है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम को जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, रामबाबू कुशवाहा, डा. सुमंत गुप्ता ने भी संबोधित किया। इस दौरान अनुजेश प्रताप सिंह, अश्वनी पांडेय, मनोरमा सिंह, धीरू राठौर, उदय चौहान, अमित गुप्ता, दीपक चौहान, सुरेश चंद्र बंसल, वीरसिंह भदौरिया, एमडी किरन सौजिया डा. अशोक यादव, अशोक गुप्ता, जिला पर्यटन अधिकारी विशाल श्रीवास्तव, परियोजना प्रबंधक संदीप चौधरी उपस्थित रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।