मैनपुरी में मोमोज की जिद पर ढाई साल के मासूम की हत्या, शराबी पिता ने आंगन में पटककर ली जान
मैनपुरी में मोमोज खाने की जिद करने पर एक ढाई साल के मासूम बच्चे की उसके शराबी पिता ने निर्मम हत्या कर दी। पिता ने गुस्से में आकर बच्चे को आंगन में पटक-पटक कर मार डाला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना के बाद ग्रामीणों से जानकारी करते पुलिसकर्मी।
HighLights
शराबी पिता ने मोमोज की जिद पर मासूम को मारा।
ढाई साल के बच्चे को आंगन में पटककर की हत्या।
पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लिया, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। मोमोज खाने की जिद करना ढाई साल के मासूम को भारी पड़ गया। बिछवां क्षेत्र के गांव किन्हावर में शराब के नशे में धुत पिता ने रविवार की रात गुस्से में आकर मासूम को उठाकर आंगन में कई बार जमीन पर पटक दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना के समय घर में मौजूद उसके दोनों बड़े भाइयों ने पुलिस को पूरी बात बताई। पुलिस ने शव मोर्चरी पर भेजा और पिता को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
यह है पूरा मामला
बिछवां क्षेत्र के गांव किन्हवार निवासी भानु प्रताप शराब पीने का आदी है। करीब एक माह पूर्व पत्नी दीपाली की मृत्यु हो चुकी है। वह घर में तीन पुत्रों के साथ रहता है। रविवार शाम को वह शराब पीकर घर आया था।
शाम पांच बजे बड़ा 11 वर्षीय पुत्र अभय कुमार और आठ वर्षीय पुत्र तेजू मोमोज लेने बजार चले गए। घर पर ढाई वर्षीय छोटा पुत्र शौर्य प्रताप भी पिता के सामने मोमोज लाने की जिद करते हुए रोने लगा।
आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर भानु ने मासूम को उठा-उठाकर आंगन में पटकने लगा। तभी दोनों पुत्र भी वहां पहुंच गए। उन्होंने रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन पिता नहीं माना। बार-बार पटकने से बालक की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
चीख-पुकार सुन आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना पर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच भानु को हिरासत में लिया। इस दौरान अभय और तेजू ने पुलिस को पूरी घटना बताई। पुलिस ने शव मोर्चरी पर भेजकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसओ बिछवां आशीष दुबे ने बताया कि पुत्र को पटककर मारने की सूचना मिली है। घटना को अंजाम देने वाले युवक को हिरासत में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी पर भेजा गया है। मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।