मैनपुरी में आलू उत्पादकों की बल्ले-बल्ले, 2100 किसानों के खाते में पहुंची सब्सिडी; दूसरे भी ले सकते लाभ
मैनपुरी में आलू किसानों को सरकारी अनुदान का लाभ मिलना शुरू हो गया है। अब तक 2100 किसानों के खातों में 1.55 करोड़ रुपये पहुंच चुके हैं, जबकि 7000 अन्य किसानों को जल्द सहायता मिलने की उम्मीद है।

आलू की सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
मैनपुरी में 2100 आलू किसानों को मिला सरकारी अनुदान।
सात हजार अन्य किसानों को जल्द मिलेगी सहायता राशि।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। आलू की खेती करने वाले किसानों को सरकारी अनुदान का लाभ मिलने लगा है। जिले के 2100 किसानों के बैंक खातों में 1.55 करोड़ रुपये की धनराशि पहुंच चुकी है। हालांकि, अभी सात हजार किसान ऐसे हैं, जिन्हें अनुदान राशि मिलने का इंतजार है। इन किसानों को भी जल्द सहायता देने की तैयारी है।
उद्यान विभाग ने 30 नवंबर तक भुगतान प्रक्रिया पूरी कराने का लक्ष्य रखा है। ऐसे में पात्र किसानों के लिए समय रहते आवेदन और जरूरी औपचारिकताएं पूरी करना जरूरी है।
जिले में आलू उत्पादक किसानों को आर्थिक राहत देने के लिए सरकार की ओर से अनुदान योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत निर्धारित पात्रता और प्रक्रिया पूरी करने वाले किसानों को सहायता राशि दी जाती है। अब तक 2100 किसानों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 1.55 करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं। वहीं करीब सात हजार किसानों के आवेदन और भुगतान संबंधी प्रक्रिया अभी लंबित है।
विभाग इन प्रकरणों का निस्तारण कराकर शेष किसानों तक लाभ पहुंचाने में जुटा है। जिला उद्यान अधिकारी शिवसेवक पांडेय ने बताया कि जिन किसानों का आलू अभी शीतगृहों में रखा हुआ है, वे 30 नवंबर तक उसकी निकासी कराकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से अनुदान राशि भेजी जा रही है।