विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

20 साल पहले अंग्रेजों ने रखी थी मैनपुरी परिवहन की नींव, इस तरह फैलता गया रेलवे-राजमार्गों का जाल

Published: Fri, 27 Nov 2026 07:38 PM (GMT+05:30)

मैनपुरी में परिवहन सेवाओं की नींव 120 साल पहले 1906 में पड़ी थी, जिसका विस्तार रेलवे और सड़क नेटवर्क के माध्यम से लगातार होता रहा है।  

मैनपुरी जंक्शन का निर्माणाधीन प्रशासनिक भवन। जागरण

मैनपुरी जंक्शन का निर्माणाधीन प्रशासनिक भवन। जागरण 

HighLights

  1. मैनपुरी में परिवहन की नींव 1906 में रखी गई थी।

  2. रेलवे जंक्शन और विद्युतीकृत ब्रांच लाइनें अब मौजूद हैं।

  3. राष्ट्रीय राजमार्गों और बस सेवाओं का भी विस्तार हुआ।

बीरभान सिंह, मैनपुरी। विकसित जिले के और ज्यादा विकास में सबसे बड़ा योगदान वहां की परिवहन सेवाओं का होता है। वर्तमान में सड़कों के जाल से बुने मैनपुरी की परिवहन सेवा की नींव अब से 120 वर्ष पहले वर्ष 1906 में पड़ी थी।

यूं तो सड़कों की स्थिति इससे पहले बहुत ज्यादा अच्छी नहीं थी, लेकिन 1905 से 1910 तक ब्रितानिया सरकार में भारत के वायसराय लार्ड मिंटो-द्वितीय ने इसे विस्तार देने की अनुमति प्रदान की। मैनपुरी एक रियासत थी, इसलिए यहां भी ब्रितानिया सरकार का विशेष जोर रहा।

शिकोहाबाद-फर्रुखाबाद ब्रांच लाइन पर स्थिति मैनपुरी में रेलवे की पहली शाखा लाइन के साथ 1906 में मैनपुरी को आगरा और कानपुर लिंक लाइन के साथ जोड़ने का कार्य आरंभ किया गया। धीरे-धीरे विस्तार बढ़ता गया और अब रेलवे सेवा को प्रमुख सेवा के रूप बढ़ाया जा रहा है।

मैनपुरी को वर्ष 2009 में जंक्शन घोषित करने के बाद से ही यहां ट्रेनों की गति बढ़ाने और रेलगाड़ियों को विस्तार देने का कार्य प्रगति पर है। बात सड़क नेटवर्क की करें तो 1908 के बाद ब्रिटिश सरकार ने अपने वाहनों के आवागमन के लिए सड़कों के आरंभिक निर्माण को गति दी थी, जो 118 वर्ष के बाद बेहतर कनेक्टिविटी वाली सड़कों के जाल के रूप में सामने है।

रेल सेवाओं को लेकर जिले की वर्तमान स्थिति

मैनपुरी-इटावा ब्रांच लाइन: लगभग 55 किमी लंबी मैनपुरी-इटावा ब्रांच लाइन पर रेलवे का विशेष जोर है। यह मैनपुरी को इटावा से जोड़ती है, जिस पर ब्राड गेज लाइन का निर्माण वर्ष 2016 में पूर्ण हो गया था। फरवरी 2022 में रेल लाइन के विद्युतीकरण का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया।

इटावा जंक्शन प्रमुख जंक्शन है, जहां से देश के अन्य बड़े स्थानों के लिए लाइन व रेलगाड़ियां संचालित होती हैं। वर्तमान में मैनपुरी से इटवा तक के लिए एक पैसेंजर संचालित हो रही है। अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना का कार्य पूर्ण होने के बाद इस लाइन के विस्तार व रेलगाड़ियों के अतिरिक्त संचालन की भी योजना प्रस्तावित है।

शिकोहाबाद-फर्रुखाबाद ब्रांच लाइन

यह महत्वपूर्ण लाइन है जो मैनपुरी जंक्शन को फर्रुखाबाद जंक्शन से जोड़ती है। फर्रुखाबाद जंक्शन महत्वपूर्ण जंक्शन है, जहां से देश के हर कोने के लिए एक्सप्रेस व अन्य गाड़ियां आसानी से उपलब्ध हो जाती हैं। लगभग 70 किमी लंबी इस लाइन पर भी विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण हो चुका है। इस ब्रांच लाइन से होकर कालिंदी एक्सप्रेस, आनंद विहार एक्सप्रेस, अन्य त्योहार व समर स्पेशल ट्रेनों के अलावा दो नियमित पैसेंजर संचालित हो रही हैं।

स्टेट व नेशनल हाईवे के साथ फोरलेन बताते विकास

वर्ष 2010 के आसपास राजमार्ग के सुधार और विस्तारीकरण की योजनाओं को गति प्रदान करने का कार्य आरंभ हुआ था। वर्तमान में जिला दो मुख्य राज्य मार्ग एसएच-83 (इटावा-मैनपुरी) व एसएच-84 (फिरोजाबाद-शिकाेहाबाद-मैनपुरी) और एक नेशनल हाईवे एनएच-91 से जुड़ा हुआ है।

वर्ष 2025 में दक्षिणी बाइपास के नाम से दो-लेन वाली सड़क के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिल गई है जो आगरा की ओर से आने वाले भारी वाहनों को बाइपास मार्ग से गुजारते हुए सीधा रूई के पास भोगांव स्टेट हाईवे पर पहुंचाएगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति अब भी बहतु ज्यादा खराब है। लोक निर्माण विभाग, जिला पंचायत, नगर पंचायत और डूडा के माध्यम से बनाई जाने वाली अधिकांश सड़कों में गुणवत्ता से खिलवाड़ और मिलावटखोरी ने आवागमन को भी प्रभावित किया है।

प्रदेश की लाइफलाइन है जिले की बस सेवा

परिवहन सुविधा में एक बड़ा योगदान बस सेवा का भी है। जिले में मैनपुरी और बेवर दो डिपो हैं। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा इनका संचालन किया जाता है। दोनों डिपो से आगरा, कानपुर, लखनऊ, बरेली, दिल्ली, ग्वालियर सहित उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जिले के लिए रोडवेज की बस सेवा उपलब्ध है। अनुमान के अनुसार प्रतिदिन पांच हजार से ज्यादा यात्री दोनों डिपो के माध्यम से आवागमन करते हैं। जो अपने आप में एक बड़ा योगदान है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।