महावीर स्वामी की जयंती पर उमड़ा आस्था का सागर
भगवान महावीर स्वामी की शोभायात्रा में उमड़े श्रद्धालु पूरे जिले में धूमधाम से मनाई गई जयंती ...और पढ़ें

जागरण टीम, मैनपुरी: शहर और जिले में गुरुवार को सड़कों पर निराली छटा दिखाई दी। जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर के जन्म कल्याणक महोत्सव जब मना तो श्रद्धालु झूमने लगे। बैंडबाजों की धुन पर निकली शोभायात्रा में श्रद्धालु जमकर झूमे। कहीं महिलाओं ने नृत्य किया तो कहीं नृत्य नाटिका प्रस्तुत की गई। शोभायात्रा की मनोरमा छटा देखने को सड़कों पर सैलाब उमड़ा।
मानव समाज को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने वाले जैन धर्म के वर्तमान शासक नायक 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर का जन्म कल्याणक महोत्सव शहर में मनाया गया। सुबह कटरा स्थित अजीतनाथ जिनालय से शोभायात्रा शुरू हुई। स्वर्णमई रथ पर श्री जी को लेकर खवासी के रूप में गौतम जैन और इंद्रों के रूप में पल्लव जैन, नितिन जैन, शुभम जैन, चंदन जैन भगवान पर चंवर ठुलाते हुए चल रहे थे। रथ यात्रा मुख्य मार्गो से होते हुए आदिनाथ जिनालय बड़ा मंदिर करहल रोड पर पंडाल में पहुंची, जहां पांडुक शिला पर श्री जी को विराजमान करके अभिषेक पूजन, भक्ति की गई। शोभायात्रा में भगवान महावीर के जीवन चरित्र पर आधारित मनमोहक झांकियां निकाली गई। भजनों पर मधुर ध्वनि बिखेरता हुआ बैंड सभी को मोह रहा था। यात्रा में जैन समाज के पुरुष श्वेत वस्त्रों में नंगे पैर चल रहे थे, जबकि महिलाएं केसरिया और पीली साड़ी में श्री जी के रथ के पीछे जयकारा लगाते हुए चल रहीं थीं। श्री जी की जगह-जगह आरती उतारी गयी। गर्मी में राहत के लिए श्रद्धालुओं ने स्टाल लगाकर शीतल जल की व्यवस्था की। दोपहर में जिला अस्पताल और अन्य जगहों पर युवाओं ने फल बांटे। शाम को रथयात्रा श्री अजीतनाथ जिनालय कटरा पहुंची, जहां अभिषेक पूजन करके श्री जी को विराजमान किया गया।
शाम को आदिनाथ जिनालय बड़ा मंदिर के पंडाल में आरती, भक्ति और विद्वान गोष्ठी हुई। पंडित प्रकाश चंद जैन दादा, डा. सुशील जैन ने भगवान महावीर के जीवन वृतांत पर प्रकाश डाला गया। भव्य पालना और जादूगर विल्सन ने मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का आयोजन भगवान महावीर जन्म कल्याणक समारोह समिति ने किया। इस अवसर पर पं. अनंत कुमार जैन, डा. देवेश जैन, अमित जैन एसबीआइ, विशाल जैन जाली, अभिषेक जैन, आलोक जैन बाबी का सहयोग सराहनीय रहा।
रथयात्रा में डा. एके जैन, डा. सौरभ जैन, आमोद जैन, उमेश चंद्र जैन एडवोकेट, सुशील जैन, शैलेश मोदी, राहुल जैन, श्रवण कुमार जैन, प्रमोद जैन, आदेश जैन, राजीव जैन कटरा, संजय जैन संसारपुर, रमेश चंद्र जैन, सम्यक जैन, संजय जैन गोल्डी, चक्रेश जैन, प्रसून जैन, गौरव जैन उपवन मंदिर, अर्पित जैन के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह चौहान भी मौजूद रहे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।