डीएम के आदेश पर गरजा बुलडोजर: मैनपुरी में ईशन नदी से तहसील तक हटाया अतिक्रमण, दुकानदारों में खलबली
मैनपुरी में डीएम के निर्देश पर ईशन नदी पुल से सदर तहसील तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। प्रशासनिक टीम ने जेसीबी से अवैध कब्जे हटाए और दुकानदारों से 10 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला, कुछ नोकझोंक भी हुई।

मैनपुरी में जेसीबी से हटाया गया अतिक्रमण। जागरण
HighLights
मैनपुरी में ईशन नदी से तहसील तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चला।
प्रशासन ने अवैध कब्जे हटाए, दुकानदारों से जुर्माना भी वसूला।
अभियान के दौरान कुछ दुकानदारों की अधिकारियों से नोकझोंक हुई।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सोमवार को सख्त रुख अपनाया। ईशन नदी पुल से सदर तहसील तक सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण हटाने के लिए संयुक्त अभियान चलाया गया। जेसीबी के साथ पहुंची प्रशासनिक टीम ने दुकानों के बाहर किए गए अस्थायी कब्जों को हटाना शुरू किया तो दुकानदारों में खलबली मच गई।
कई दुकानदारों ने कार्रवाई से बचने के लिए खुद ही सामान समेटना शुरू कर दिया। अभियान के दौरान अतिक्रमण करने वालों से 10 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर एसडीएम सदर श्याम प्रताप, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी बुद्धिप्रकाश और सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में अभियान शुरू हुआ।
तहसील प्रशासन और नगर पालिका ने संयुक्त रूप से चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान
टीम ने ईशन नदी पुल से सदर तहसील तक सड़क के दोनों तरफ दुकानदारों और बड़े प्रतिष्ठान संचालकों द्वारा किए गए अतिक्रमण को चिह्नित कर हटवाया। जेसीबी से सड़क किनारे रखे निर्माण और अन्य अवरोध हटाए गए। दुकानों के बाहर रखे सामान और अस्थायी कब्जों को भी हटाने की कार्रवाई की गई। पुलिस बल की मौजूदगी में चले अभियान से पूरे मार्ग पर दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
दोबारा कब्जा करने पर कार्रवाई की चेतावनी, बड़े प्रतिष्ठानों के बाहर भी हटवाए कब्जे
अधिशासी अधिकारी बुद्धिप्रकाश ने बताया कि अभियान के दौरान अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों से कुल 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है। सार्वजनिक रास्तों, फुटपाथ और पुल के आसपास अवैध कब्जे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि दोबारा अतिक्रमण करने पर जुर्माने के साथ अन्य कठोर कार्रवाई भी की जाएगी। इस दौरान कार्यालय अधीक्षक वरुण मिश्रा, सफाई इंस्पेक्टर शिशुपाल सिंह, नगर पालिका के सफाईकर्मी और पुलिस बल मौजूद रहा।
यह भी पढ़ें- मैनपुरी में कोहरे के साथ सर्दी की दस्तक, सात दिन में छह डिग्री लुढ़का पारा
यह भी पढ़ें- मैनपुरी में महिला समूहों ने खोले तरक्की के दरवाजे, 60 महिलाओं को मिला आत्मनिर्भरता का आधार
कार्रवाई के दौरान दुकानदारों से हुई नोकझोंक
अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ दुकानदारों की नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी बुद्धिप्रकाश से नोकझोंक हो गई। दुकानदारों ने कार्रवाई को लेकर आपत्ति जताई और अपनी बात रखने का प्रयास किया। इस पर अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। टीम ने दुकानदारों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की हिदायत भी दी। प्रशासन की सख्ती के चलते अभियान जारी रहा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।