विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मैनपुरी में कोहरे के साथ सर्दी की दस्तक, सात दिन में छह डिग्री लुढ़का पारा

By Chandra Shekhar Gaur Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 20 Nov 2026 09:03 PM (IST)

मैनपुरी में मौसम ने सर्दी की ओर करवट ली है, बीते सात दिनों में न्यूनतम तापमान में छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। सुबह कोहरे के साथ लोग गर्म कपड़े पहनने लगे हैं, जिससे बाजार में भी ऊनी कपड़ों की बिक्री बढ़ी है और एसी-कूलर बंद हो गए हैं।

मैनपुरी में शुक्रवार सुबह छाई कोहरे की परत।

मैनपुरी में शुक्रवार सुबह छाई कोहरे की परत।

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। मौसम ने अब सर्दी की ओर करवट ले ली है। नवंबर के दूसरे पखवाड़े में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। बीते सात दिनों में न्यूनतम तापमान में छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। सुबह के समय कोहरे की हल्की चादर भी दिखाई देने लगी है। रात से लेकर सुबह तक बढ़ती ठंड ने लोगों को गर्म कपड़े निकालने पर मजबूर कर दिया है।

सुबह की सैर हो या कामकाज के लिए घर से निकलना, अब जैकेट, स्वेटर और टोपी लोगों की जरूरत बनने लगे हैं। मौसम में आए इस बदलाव का असर बाजार में भी दिखाई देने लगा है। शहर में गर्म कपड़ों का तिब्बत बाजार सज गया है। गर्म कपड़ों की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने लगी है। स्वेटर, जैकेट, स्वेटशर्ट और अन्य ऊनी कपड़ों की खरीदारी शुरू हो गई है।

दुकानदारों को भी अब कारोबार में तेजी आने की उम्मीद है। हालांकि दिन में अभी धूप निकलने से गर्मी का अहसास पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। अधिकतम तापमान में बीते सात दिनों के दौरान महज दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। 14 नवंबर को जहां अधिकतम 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस था।

अब 20 नवंबर शुक्रवार को अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी नरेंद्र वर्मा का कहना है कि तापमान में गिरावट का दौर अब जारी रहेगा। अगले एक-दो दिनों में दिन के तापमान में भी तेजी से कमी आ सकती है। ऐसे में सुबह और शाम के साथ दिन में भी सर्दी का असर बढ़ने के आसार हैं।

एसी-कूलर हुए बंद, पंखों की रफ्तार भी धीमी

सर्दी बढ़ने के साथ ही घरों में एयर कंडीशंड व कूलर बंद हो गए हैं। इसके साथ ही पंखों की रफ्तार भी धीमी हो गई है। पहले जहां पंखे फुल स्पीड पर घूम रहे थे। वहीं अब रफ्तार घटकर दो या तीन पर पहुंच गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।