दस साल पुराना गेहूं और बिना आयोडीन का नमक बांट रही सरकार : अखिलेश
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भाजपा सरकारों पर साधा निशाना -करहल में पूर्व राज्यमंत्री के आवास पर की पार्टी नेताओं से मुलाकात ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, मैनपुरी : शुक्रवार को करहल पहुंचे सपा मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर हमला बोला। कहा कि गुजरात में समुद्र का पानी इकट्ठा करके उससे नमक बनाया जा रहा है। उप्र सरकार इसी बिना आयोडीन के नमक को राशन कार्ड धारकों को बांट रही है। गरीबों को दस साल पुराना गेहूं बांटा जा रहा है। गरीबों को भी अच्छा नमक मिलना चाहिए।
करहल निवासी पूर्व राज्यमंत्री सुभाष चंद्र यादव के आवास पर पहुंचे सपा मुखिया ने पार्टी के प्रमुख नेताओं से मुलाकात कर पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के तत्काल बाद अयोध्या में एक पांच वर्ष की बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ। मुख्यमंत्री जी बताएं क्या अब वह दुष्कर्म करने वालों के घरों पर बुलडोजर चलवाएंगे। भाजपा सरकार के समय में सभी चीजों पर महंगाई है। भाजपा नेताओं ने चुनाव के समय कहा था कि हम सस्ता पेट्रोल, सस्ती बिजली देंगे। इस वादे पर उन्होंने कतई ध्यान नहीं दिया। महंगाई के सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। सपा की अगली रणनीति के सवाल पर कहा कि अब आने वाले पांच वर्षों तक पार्टी जनता के बीच में रहेगी। आने वाले दिनों में होने वाले नगर निकाय चुनाव पार्टी पूरी दमखम से लड़ेगी, हर जगह सपा की विजय होगी। चुनाव में पार्टी के कार्यकर्ताओं से पूछ कर ही अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों को टिकट दिए जाएंगे। इस दौरान पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव, पूर्व विधायक सोबरन सिंह यादव, किशनी विधायक बृजेश कठेरिया, ब्लाक प्रमुख नीरज यादव, धीरज यादव, सनी यादव आदि सपा मौजूद थे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।