Mainpuri News: लड़की दिखाने को बहाने बुलाया और... आगरा का तलाकशुदा डॉक्टर बंधक बनाकर लूटा
मैनपुरी में एक तलाकशुदा डॉक्टर को लड़की दिखाने के बहाने बंधक बनाकर लूट लिया गया। डॉक्टर को उसकी रिश्ते की बहन ने शादी का प्रस्ताव दिया था और मैनपुरी बुलाया था। वहाँ उसे और उसके दोस्त को बंधक बनाकर नकदी मोबाइल और जेवरात लूट लिए गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। हाथरस में तैनात वरिष्ठ डॉक्टर और उनके साथी को शहर कोतवाली इलाके में आगरा रोड स्थित जीआइसी स्कूल के पास रविवार को एक घर में बंधक बनाकर लूट लिया गया।
तलाकशुदा डिप्टी सीएमओ शादी के लिए लड़की देखने आए थे। इसी दौरान घटना को अंजाम दिया गया है। पीड़ित ने नकदी, मोबाइल व जेवरात लूटे जाने की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तलाकशुदा डॉक्टर को लड़की दिखाने के बहाने बुलाया था मैनपुरी
आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी सेक्टर 10 के रहने वाले डॉक्टर एके सिंह ने तहरीर देते हुए बताया कि वह हाथरस के बाग्ला हॉस्पिटल में वरिष्ठ परामर्शदाता के रूप में कार्यरत हैं। अपनी रिश्ते की बहन रूबी के कहने पर लड़की देखने मैनपुरी आए थे। रूबी ने अपने पड़ोस की एक लड़की से शादी कराने की बात कही थी। वह अपने मित्र ललित कौशिक निवासी वसुंधरा कॉलोनी, हाथरस गेट के साथ लड़की के घर रविवार की दोपहर तीन बजे पहुंचे।
अपने एक साथी के साथ लड़की देखने आए थे डाक्टर, दी तहरीर
उन्हें वहां रिश्ते की बहन रूबी, एक अन्य महिला और पुरुष मिले। इन लोगों ने दोनों को बंधक बना लिया और उनसे 75 हजार रुपये की नकदी, 4 मोबाइल फोन, दो अंगूठी, एक ब्रेसलेट और लड़की को देने के लिए लेकर गए कपड़े लूट लिए। शाम 7 बजे उन्हें मुक्त किया गया। डॉक्टर एके सिंह ने शहर कोतवाली पुलिस थाने में तहरीर दी है।
सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। आरोपित फिलहाल फरार हैं। उनकी भी तलाश की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।