खेत में काम कर रहे किसान पर सांड ने किया हमला, गंभीर हालत में पहुंचाया अस्पताल
अजीतगंज में बेसहारा गोवंश किसानों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। खेतों में काम कर रहे किसानों पर सांड हमला कर रहे हैं जिससे वे घायल हो रहे हैं। बिरतिया गांव में एक किसान सांड के हमले से घायल हो गया। किसान बेसहारा गोवंश को गोशाला में पहुंचाने की मांग कर रहे हैं क्योंकि सरकारी आदेशों का पालन नहीं हो रहा है।

संवाद सूत्र, अजीतगंज । बेसहारा गाेवंश इन दिनों किसानों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। कभी फसल बर्बाद कर रहे हैं तो कभी किसानों पर हमला कर रहे हैं। गुरुवार को भी सांड ने एक किसान पर उस समय हमला कर दिया, जब वह अपने खेत पर थे। अचानक हुए हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
थाना क्षेत्र के ग्राम बिरतिया निवासी सत्यवीर किसान हैं। खेती-बाड़ी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बृहस्पतिवार को वह अपने खेतों पर थे, तभी एक छुट्टा सांड उन पर हमलावर हो गया। किसान को सांड ने जख्मी कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाया। स्वजन उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए। जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना से गांव में दहशत का माहौल है। किसानों की मांग है बेसहारा गोवंश को गोशाला में पहुंचाया जाए।
शासन के आदेशों का उड़ रहा मखौल
प्रदेश सरकार के सख्त निर्देश हैं कि बेसहारा गोवंश खुले में न घूमें। उन्हें गोशाला में संरक्षित किया जाए, लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते बेसहारा गोवंश आज भी फसलों को बरबाद कर रहे हैं। फसलों की रखवाली करते किसानों पर भी यह हमला कर रहे हैं। इसी तरह की घटना में गांव बिरतिया निवासी किसान घायल हो गए। इससे पूर्व में भी इस तरह की घटनाएं घटित हो चुकी हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।